सिरोही | शिवगंज को-ऑपरेटिव मार्केटिंग सोसायटी लिमिटेड की ओर से जावाल गौण मंडी में समर्थन मूल्य चना केंद्र का उद्घाटन शनिवार को भाजपा जिलाध्यक्ष लुंबाराम चौधरी ने किया। कार्यक्रम में सोसायटी अध्यक्ष गजेंद्रसिंह देवड़ा ने कहा कि केंद्र पर चने का समर्थन मूल्य प्रति क्विंटल 4250 व बोनस 250 कुल 4400 रूपए किसान को अदा किए जाएंगे। इसके लिए संबंधित किसान को केंद्र पर चना बिक्री के लिए ऑनलाइन से रजिस्ट्रेशन करवाना जरूरी होगा। रजिस्ट्रेशन के लिए किसानों को अपने खेत की मूल गिरदावरी, आधार कार्ड, भामाशाह कार्ड व बैंक खाता की पास बुक अपने पास रखनी होगी। कार्यक्रम में सोसायटी के उप रजिस्ट्रार डॉ. प्रमोद कुमार, मंडल अध्यक्ष छगनलाल घांची, गणपतसिंह, किसान मोर्चा के शंकरलाल, प्रभुदयाल आदि उपस्थित थे। हरिकेश जैन ने आभार जताया।