- Hindi News
- National
- फोरलेन पर निजी बस को ट्रक ने मारी टक्कर, कुछ देर पहले ही दूसरी बस में शिफ्ट हुए थे यात्री, बड़ा हादसा टला
फोरलेन पर निजी बस को ट्रक ने मारी टक्कर, कुछ देर पहले ही दूसरी बस में शिफ्ट हुए थे यात्री, बड़ा हादसा टला
ब्यावर-पिंडवाड़ा फोरलेन स्थित पालड़ीएम थाना क्षेत्र में वेराविलपुर गांव के पास शुक्रवार अलसुबह 3.30 बजे अहमदाबाद से जोधपुर जा रही निजी बस को पीछे आए ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर लगने से बस खाई में उतर गई और ट्रक डिवाइडर पर चढ़ गया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। बस का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बस चालक मोहनसिंह ने बताया कि वह अहमदाबाद से सवारियां लेकर जोधपुर के लिए रवाना हुआ। वेराविलपुर गांव के पास बस के पिछले पहियों में पंचर होने से एक के बाद दूसरा पहिया फट गया। जिस पर चालक ने बस को फोरलेन किनारे खड़ा किया तथा बस में बैठी सवारियों को दूसरी बस से जोधपुर के लिए रवाना किया। इसके बाद बस के पहिए को बदलने के लिए चालक ने जैक लगाकर जैसे ही बस के नीचे से बाहर निकला उसी दौरान सिरोही की ओर से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बस करीब पचास फीट दूर जाकर सड़क से नीचे खाई में उतर गई। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इस मामले में दोनों वाहन चालकों ने मौके पर ही समझौता कर पुलिस थाने में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई।
सिरोही. वेराविलपुर गांव के पास हादसे में क्षतिग्रस्त हुई निजी बस।