- Hindi News
- National
- 151 कुंडीय गोपाल महायज्ञ के समापन पर हुआ भंडारा, श्रद्धालुओं ने ली प्रसादी
151 कुंडीय गोपाल महायज्ञ के समापन पर हुआ भंडारा, श्रद्धालुओं ने ली प्रसादी
भटौली में आयोजित 151 कुंडीय गोपाल महायज्ञ के समापन के उपरांत शनिवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान हजारों लोग प्रसाद ग्रहण करने के लिए आए।
राधा सर्वेश धाम भटौली में सम्पन्न हुए 151 कुंडीय गोपाल महायज्ञ की पूर्णाहुति शुक्रवार को हुई थी। इसके बाद से ही भंडारे की तैयारियां शुरू हो गई थीं। शनिवार को सुबह 11 बजे स्वामी राधामोहन शरण महाराज के सान्निध्य में भंडारे की शुरूआत हुई। भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने के लिए आसपास के ग्रामीण अंचल से श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला दिनभर चलता रहा। यहां पर लगे विशाल डोम में बैठ कर लोगों प्रसाद ग्रहण किया। आयोजकों द्वारा पूडी, बूंदी, रायता और सब्जी का भोजन श्रद्धालुओं को कराया जा रहा था। भंडारे के लिए करीब 25 क्विंटल बूंदी दो ट्रालियों में एक दिन पहले ही बनवा कर रखी गई थी वहीं एक ट्राली में 10 क्विंटल पूडी का स्टाक करके रखा गया था। पूडी और सब्जी बनाने का सिलसिला दिनभर चलता रहा।
इस दौरान भटौली, बगरोदा, वीरपुर के साथ ही आसपास के ग्रामीण इलाकों की युवाओं की टीम दिनभर परोस व्यवस्था में जुटी रही। रात 10 बजे तक चले भंडारे में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर समिति के सदस्य रामकरण रघुवंशी, विक्रमसिंह रघुवंशी, अशोक निगम, घन श्याम शरण त्यागी, प्रीतम सिंह रघुवंशी, राकेश रघुवंशी, रघुवीर रघुवंशी, लक्ष्मण रघुवंशी, महेन्द्र रघुवंशी, संतोष रघुवंशी, राजेश रघुवंशी तथा विशाल रघुवंशी के साथ ही बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।