पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • दो दिन के बाद आया नंबर लेकिन खराब उपज बताकर किया रिजेक्ट

दो दिन के बाद आया नंबर लेकिन खराब उपज बताकर किया रिजेक्ट

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शनिवार को अवकाश के बाद भी नगर में बने समर्थन मूल्य खरीदी केन्द्रों पर दिनभर तौल का सिलसिला चलता रहा। इस दौरान उन किसानों की उपज तौली गई जिन्हें दो दिन पहले एसएमएस भेजा गया था। हालांकि इस दौरान जिन किसानों की उपज नान एफएक्यू के कारण रिजेक्ट की गई थी, वे निराश होकर लौटे। चना, मसूर और सरसों की समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए दो स्थानों पर उपार्जन केन्द्र बनाए गए हैं। एलबीएस कॉलेज के ग्राउंड तथा कृषि उपज मंडी में नीलामी परिसर में यह खरीदी की जा रही है। दोनों ही केन्द्रों पर शुक्रवार को बारदाना आने के बाद ही तौल शुरू हो सकी। तीन दिन पहले जिन किसानों को एसएमएस भेजे गए थे, वे अपनी उपज लेकर मंडी में पहुंचे थे।

दो दिन इन्हीं किसानों की उपज तौली जा रही है। हालांकि शनिवार को अंबेडकर जयंती का अवकाश था। इस कारण नए एसएमएस नहीं भेजे गए थे लेकिन उपज ज्यादा होने की वजह से तथा दो दिन पहले से आए किसानों की समस्या को देखते हुए सोसायटी संचालकों द्वारा शनिवार को भी दोनों ही स्थानों पर तौल की गई। सोयायटी कर्मचारियों की मौजूदगी के बीच दिनभर तौल का क्रम चलता रहा। हालांकि जो किसान दो दिन से तौल का इंतजार कर रह थे। वे जरूर प्रशासन को कोस रहे थे। किसान राधेश्याम ने बताया कि सरकार ने मार्च के महीने में ही समर्थन मूल्य पर खरीदी के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी जिम्मेदार केन्द्रों पर व्यवस्था नहीं जुटा सके। खरीदी की निर्धारित तारीख के दो दिन बाद तौल शुरू हो सकी। किसान मोहनलाल यादव ने बताया कि 700 रुपए दिन किराए के हिसाब से ट्रैक्टर-ट्राली लेकर आए हैं। पहले ही दिन यदि तौल हो जाती तो एक दिन का किराया लगता लेकिन यहां तो तीन दिन लगने वाले हैं। दो दिन का किराया तो हमारा बिना वजह लग गया है। इसी तरह की परेशानी का सामना अनेक किसानों को करना पड़ रहा है। दो महीने तक उपज बेचने का इंतजार कर रहे किसानों को तौल केन्द्र पर इंतजार करना पड़ रहा है।

एसएमएस मिलने के बाद ही आएं किसान

जो किसान उपज लेकर आ गए थे, उनकी उपज की तौल हम लगातार कर रहे हैं। किसान एसएमएस मिलने के बाद ही अपनी उपज लेकर आएं। उपज की जांच नेफेड की टीम द्वारा की जा रही है। इस जांच के बाद ही तौल हो रही है। आरके शुक्ला ,फूड इंस्पेक्टर सिरोंज।

खबरें और भी हैं...