सबका दायित्व है नगर का नाम रोशन करें
जिला ताईक्वांडो संघ की बैठक शनिवार को कष्टम पथ स्थित केडीबीएम स्कूल परिसर में सम्पन्न हुई। बैठक में जून के महीने में होने वाली राज्य स्तरीय ताईक्वांडो प्रतियोगिता को लेकर चर्चा की गई। जिला ताईक्वांडो संघ की इस बैठक में भाजपा खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक आलोक भार्गव तथा जिला ताईक्वांडो संघ के अध्यक्ष आशीष भदौरिया मुख्य रूप से उपस्थित थे।
बैठक में संघ के अप्रैल और मई के महीन में होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता के साथ ही जून में होने वाली राज्य स्तरीय सब जूनियर ताईक्वांडो प्रतियोगिता तथा केडिट प्रतियोगिता सिरोंज में ही आयोजित करवाने की सहमति बनी। खेल प्रकोष्ठ के सहसंयोजक आलोक भार्गव ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के सिरोंज में आयोजन की व्यापक तैयारियां हो रही हैं। क्षेत्र के प्रतिभावान ताईक्वांडो खिलाड़ियों ने लगातार उपलब्धियां प्राप्त कर सिरोंज का नाम रोशन किया है। अब हमारा दायित्व बनता है कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के माध्यम से भी सिरोंज का नाम रोशन हो।
संघ के अध्यक्ष आशीष भदौरिया ने कहा कि पूरा विदिशा जिला आयोजन को लेकर उत्साहित है। हम सब मिलकर आयोजन को भव्य बनाएंगे। संघ सचिव सरदार सिंह कुशवाह ने सिरोंज के ताईक्वांडो खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए आयोजन की तैयारियों को लेकर जरूरी जानकारी दी। बैठक में विक्रम अवार्डी अर्जुनसिंह रावत, समाजसेवी प्रशांत पालीवाल, स्कूल के प्राचार्य मोहन राना, अनिल अग्रवाल, सत्येन्द्र सिंह, कृष्णकुमार, दिनेश दिवाकर तथा शांत राम मराठा मुख्य रूप से उपस्थित थे।