अक्षय तृतीया होने के कारण यात्रियों को करना पड़ा बसों का इंतजार
सिरोंज| नगर के बस स्टैंड पर बुधवार को दिनभर बसों का टोटा बना रहा। बस नहीं मिलने की वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अक्षय तृतीया पर अक्षय मुहूर्त में क्षेत्र में बुधवार को सैकड़ों शादियां हुई। इन शादियों की वजह से बाजार में तो रौनक दिखाई दे रही थी। बस स्टैंड पर उसका असर बना रहा। लाइन पर चलने वाली अनेक बसे शादियों में लगी हुई थी। जिसकी जानकारी नहीं होने की वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लंबे इंतजार के बाद यात्रियों को अपने गंतव्य के लिए बस मिल सकी। दीपनाखेड़ा जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे मुन्नालाल कुशवाह ने बताया कि दो घंटे हो गए लेकिन बस नहीं आई। जो बस हर दिन चलती है। वह बारात लेकर गई है। यहां पर काेई इस संबंध में स्पष्ट जानकारी भी नहीं दे रहा है। इसी तरह की परेशानी अन्य यात्रियों की भी थी।