शादियां होने के कारण किसान करते रहे तौल का इंतजार
एलबीएस कॉलेज में बने समर्थन मूल्य खरीदी केन्द्र पर बुधवार को दिनभर किसानों की उपज की तौल नहीं हो सकी। इस कारण किसानों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
एलबीएस कालेज परिसर में प्रशासन द्वारा बुधवार को सरकारी शादियों का आयोजन करवाया गया था। कालेज के एक हिस्से में समर्थन मूल्य पर चना, मसूर और सरसों की खरीदी भी की जा रही हैं। शादियों की वजह से बुधवार काे इस केन्द्र पर किसानों की उपज की तौल नहीं हो सकी। एसएमएस मिलने के बाद बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज लेकर केन्द्र पर पहुंच गए थे। सोसायटी प्रबंधकों द्वारा उन्हें शादियों का हवाला देकर कालेज के बाहर स्थित खेत में अपनी ट्रैक्टर ट्राली खड़ी करने की हिदायत दी गई। इसके बाद किसान को दिनभर इस खेत में खड़े होकर ही तौल का इंतजार करना पड़ा। इस दौरान सर्वेयर भी किसान की सुध नहीं लेने पहुंचे। किसानों ने सोसायटी प्रबंधकों से सम्पर्क भी किया लेकिन कोई भी उनकी सुनवाई नहीं कर रहा था। जानकारी मिलने पर शाम के समय कांग्रेस नेता सुरेन्द्र रघुवंशी भी एलबीएस कालेज परिसर पहुंचे। किसानों ने उन्हें भी अपनी समस्या बताई। ओखलीखेडा के किसान ब्रजेश तथा पामाखेडी के किसान ओमप्रकाश का कहना था कि जब प्रशासन को आज तौल करना ही नहीं थी तो फिर किसानों को एसएमएस क्यों दिए गए। हमें एक दिन बाद बुलाते।
कई किसान तो ट्रैक्टर- ट्राली किराए से लेकर अपनी उपज लेकर आए हैं। तौल नहीं होने की वजह से उनका बिना वजह दो दिन का किराया लग रहा है। कांग्रेस नेता श्री रघुवंशी ने किसानों की समस्या से जिम्मेदार अधिकारियों को अवगत कराया तथा तौल करवाने की बात कही। इस संबंध में एसडीएम ब्रजेश शर्मा ने बताया कि विवाह समारोह में बड़ी संख्या में लोग आए थे। व्यवस्था बनाने के लिए दोपहर में तौल नहीं करवाई। शाम को तौल शुरू हाे जाएगी।