नेशनल लोक अदालत 22 को
सिरोंज| 22 अप्रैल को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत की तैयारियों को लेकर अभिभाषक संघ की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को न्यायालय परिसर में हुई। न्यायाधीश रूपेश नायक के मार्गदर्शन में हुई बैठक में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं मप्र उच्च न्यायालय के निर्देशन में आयोजित लोक अदालत की कार्ययोजना अभिभाषकों द्वारा तैयार की गई। न्यायाधीश श्री नायक ने बताया कि लोक अदालत में विद्युत वितरण कंपनी, बैँकिंग, नगर पालिका, भरण पाेषण एवं राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरणों का निराकरण आपसी सहमति के आधार पर किया जाएगा। सभी विभागों की अलग-अलग खंडपीठ तैयार की गई है। न्यायालय परिसर में हर विभाग का अलग काउंटर भी बनाया जाएगा। इस दौरान अन्य तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक में एडवोकेट अवधनारायण श्रीवास्तव, मदनमोहन गुजराती, अशोक निगम, रमेश श्रीवास्तव, बीएल साहू, कपिल त्यागी, अशोक शर्मा, प्रवेन्द्र दांगी, राजकुमार शर्मा, अनिल जैन तथा अरविंद शर्मा के साथ ही अनेक अभिभाषक उपस्थित थे।