परशुराम के जयकारे लगाते हुए निकले विप्रजन
सिरोंज। महर्षि परशुराम जयंती के अवसर पर सर्व ब्राह्मण महापंचायत द्वारा नगर में विशाल वाहन रैली का आयोजन किया गया। रैली के बाद महर्षि की पूजा एवं महाप्रसाद का वितरण भी किया गया।
बुधवार को ब्राह्मण समाज के युवा सुबह से ही प्राचीन रामलला सरकार के दरबार में जुटे। यहीं से सर्व ब्राह्मण महापंचायत के अध्यक्ष गोपाल प्रसाद शर्मा के नेतृत्व में दुपहिया वाहन रैली शुरू हुई। रैली में शामिल वाहन चालकों ने अपने वाहनों पर पीले रंग की झंडी लगा रखी थी। दाेपहिया वाहनों पर सवार युवा महर्षि परशुराम के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। यह रैली बामौरा रोड, छतरी चौराहा, लिंक रोड, हाजीपुर तथा मुख्य बाजार से हाेते हुए वापस रामलला सरकार के दरबार में पहुंची। यहां पर महर्षि की पूजा-अर्चना कर वक्ताओं ने उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों पर प्रकाश डालते हुए विप्रबंधुओं को उनके आचरण से प्रेरणा लेने की बात कही। इसके उपरांत महाप्रसाद का वितरण भी किया गया। अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज मप्र के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी प्रशांत पालीवाल ने बताया कि महर्षि की जयंती के उपलक्ष्य में सर्व ब्राह्मण महापंचायत द्वारा आगामी 22 अप्रैल को नगर में भव्य शोभायात्रा का आयोजन भी किया जाएगा।