- Hindi News
- National
- मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के लिए आयु प्रमाण पत्र बनवाने अस्पताल पहुंचे युवा
मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के लिए आयु प्रमाण-पत्र बनवाने अस्पताल पहुंचे युवा
मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत विवाह करवाने के लिए जरूरी आयु प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए नगर के राजीव गांधी स्मृति चिकित्सालय में सोमवार को भी अनेक युवा पहुंचे। 18 अप्रैल को अक्षय तृतीया के अवसर पर नगर के एलबीएस काॅलेज के मैदान पर मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत सरकारी शादियों का आयोजन किया जाना है। इस आयोजन में अपने विवाह योग्य बच्चों के हाथ पीले करवाने के लिए बड़ी संख्या में लोग आतुर दिखाई दिए। इसके चलते इस बार इस आयोजन में 400 से अधिक युगलों का विवाह होगा। विवाह के पंजीयन के लिए जनपद पंचायत और नपा द्वारा कार्यालय में काउंटर भी बनाए गए। यहां पर पंजीयन का सिलसिला 13 अप्रैल को खत्म हो गया था। इसके बाद भी अनेक लोग ऐसे पहुंचे जिनके संबंध तुरंत तय हुए थे। जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से इन लोगों का पंजीयन भी जनपद और नपा कार्यालय में हो गया। पंजीयन के उपरांत सोमवार को नगर के राजीव गांधी स्मृति चिकित्सालय में इन युवाओं ने आयु प्रमाण पत्र के लिए मेडीकल भी करवाया। पूर्व पार्षद तोषमणी पंथी तथा पार्षद प्रतिनिधि विनोद कुशवाह ने अस्पताल में लोगों का सहयोग भी किया।