पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • कोरम के अभाव में सामान्य सभा की बैठक स्थगित, विभागों के अधिकारी भी नहीं पहुंचे

कोरम के अभाव में सामान्य सभा की बैठक स्थगित, विभागों के अधिकारी भी नहीं पहुंचे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सरकारी बैठकों को लेकर जिम्मेदारों का रवैया बेहद ही निराशाजनक बना हुआ है। जनपद पंचायत की सामान्य सभा की बैठक सोमवार को कोरम के अभाव में स्थगित हो गई। बैठक में न तो जनप्रतिनिधि पहुंचे और न ही विभागों के अफसर। जनपद पंचायत की सामान्य सभा की बैठक सोमवार को जनपद पंचायत सभागार में अपरान्ह 3 बजे से होना थी। बैठक में जनपद उपाध्यक्ष भैरोसिंह कुर्मी तथा सीईओ ओएन गुप्ता समय पर पहुंच गए थे। उनके साथ ही 6 जनपद सदस्य भी पहुंचे। अध्यक्ष सहित जनपद सदस्यों की संख्या 25 है।

इस लिहाज से बैठक के लिए जरूरी 13 सदस्यों का कोरम पूरा नहीं हो रहा था। इस कारण 3.30 बजे तक सदस्यों का इंतजार किया गया लेकिन कोरम पूरा नहीं हुआ। बैठक को लेकर जितना लापरवाही भरा रवैया जनप्रतिनिधियों का था। उससे भी ज्यादा बुरे हाल विभागीय अधिकारियों के थे। सिर्फ पीएचई की एसडीओ ही गंभीर दिखाई दी। विभागों के मुखियाओं में सिर्फ वे ही बैठक में मौजूद थी। इनके अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, वन विभाग, रेशम विभाग तथा कृषि विभाग के अधिकारियों ने अपने अधीनस्थों को बैठक में भेजा था। अन्य विभागों से ना तो अफसर आए और न ही कोई प्रतिनिधि बैठक में पहुंचा। बैठक में मौजूद जनपद उपाध्यक्ष भैरोसिंह कुर्मी ने सभी के सामने यह कहकर अपनी भड़ास निकाली कि जो अफसर बैठक में नहीं आए हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होना चाहिए। जब जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हो रही बैठक में ही वे नहीं आते तो फिर आम जनता का काम करने के लिए मैदान में कैसे जाते होंगे, यह समझा जा सकता है।

हर बार रहते हैं यही हाल

सामान्य सभा की बैठक को लेकर क्षेत्र के विभागीय अफसरों का रवैया हमेशा इतना ही लापरवाही भरा रहता है। पिछली बैठकों में तो जनपद अध्यक्ष जितेन्द्र बघेल खुद भी नाराजगी जता चुके हैं लेकिन इसके बाद भी हालात नहीं सुधरे। इस संबंध में जनपद सीईओ ओएन गुप्ता ने बताया कि सोमवार को हुई बैठक कोरम के अभाव में स्थगित हो गई है। बैठक में कई विभागों के अधिकारी नदारद थे तो अधिकांश ने अपने प्रतिनिधियों को भेज दिया था। इस संबंध में हम वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराएंगे।

खबरें और भी हैं...