डाक सेवक अनिश्चिकालीन हड़ताल पर, डाक वितरण का काम रहा ठप
सिरोंज। ग्रामीण डाकसेवकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल बुधवार को भी जारी रही। डाकसेवक दिनभर पुराना बस स्टैंड स्थित डाक घर में धरने पर बैठे दिखाई दिए।
ग्रामीण क्षेत्र में कार्यरत डाक सेवकों द्वारा कमलेशचंद्र त्रिपाठी की रिपोर्ट को लागू करने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल की जा रही है। सोमवार से शुरू हुई इस हड़ताल के दौरान डाक सेवकों द्वारा पुराना बस स्टैंड स्थित डाक घर में धरना भी दिया जा रहा है। यह धरना बुधवार को भी दिनभर चला और ग्रामीण क्षेत्र में कार्यरत डाक सेवक धरने में बैठे दिखाई दिए। इस हड़ताल की वजह से ग्रामीण इलाकों में डाक वितरण का कार्य पूरी तरह ठप पड़ा हुआ हैं। वही मुख्य डाक घर का काम भी हड़ताल से प्रभावित हो रहा है। हड़ताल की वजह से उन लोगों ने यहां पर काम करना बंद कर दिया है। जिसका असर डाक घर की सेवा पर दिखाई दे रहा है। संगठन के प्रांतीय सचिव कमलेश रघुवंशी ने बताया कि हम नहीं चाहते कि सेवा प्रभावित हो लेकिन सरकार ने हमें हड़ताल के लिए मजबूर कर दिया है। हम यहां आने वाले लोगों को हड़ताल से जुड़ी जानकारी भी दे रहे हैं।