सरकारी कॉलेज में बच्चों के लिए फर्नीचर कम, निजी काॅलेज से लिया सहयोग
बीए प्रथम वर्ष की परीक्षा में एलबीएस कालेज में बुधवार कोे 531 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। फर्नीचर कम होने की वजह से प्रबंधन को निजी कालेज का सहयोग लेना पड़ा। एलबीएस कालेज में इन दिनों कई कक्षाओं की परीक्षा चल रही है। बुधवार को बीए प्रथम वर्ष के छात्रों की फाउंडेशन कोर्स की परीक्षा थी। इसके साथ ही बीए चतुर्थ सेमेस्टर का संस्कृत विषय का परचा भी था। इन दोनों ही परीक्षाओं में 547 परीक्षार्थियों को शामिल होना था। इनमें से 531 परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए पहुंचे तथा 16 अनुपस्थित रहे। इतनी अधिक संख्या में परीक्षार्थी होने का असर कॉलेज की व्यवस्थाओं पर भी दिखाई दिया। सभी छात्र-छात्राओं को फर्नीचर उपलब्ध करवाने के लिए प्रबंधन को कष्टम पथ स्थित निजी कालेज का सहयोग लेना पड़ा। वहां भी परीक्षा केन्द्र बनाया गया। प्राचार्य पीसी कासिब ने बताया कि दोनों ही केन्द्रों पर परीक्षा शांतिपूर्वक तरीके से सम्पन्न हुई।