लटेरी जाने से पहले एसपी नाके पर रुके, यातायात की व्यवस्था देखी
मंगलवार को नगर प्रवास पर आए एसपी विनीत कपूर ने लटेरी नाका पहुंच कर तिराहे की आवागमन व्यवस्था को भी देखा। सिरोंज में पुलिस थाने में बैठक लेने के बाद उन्हें लटेरी जाना था। लटेरी जाने के पूर्व वे नाके पर भी रुके। यहां पर एसडीओपी महेन्द्र सिंह बडग़ुर्जर ने उन्हें तिराहे पर दुर्घटना से बचाव के लिए की गई व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तिराहे पर बेरीकेड्स लगवा दिए गए हैं तथा चौराहे के चौड़ीकरण के लिए राजस्व विभाग के पास प्रस्ताव भी भेजा गया है। गौरतलब है कि महीने भर पहले लटेरी नाके पर हुए दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी तथा 14 वर्षीय किशोरी एवं एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इस हादसे के बाद एडीशनल एसपी भी घटनास्थल का मुआयना करने के लिए पहुंचे थे। यातायात व्यवस्था बनाने के लिए सुझाव भी दिए थे तथा चौराहे पर जरूरी संकेतक लगाने की सलाह भी दी थी। इन सुझावों और सलाह पर अब तक अमल नहीं हो सका है।