सिरोंज। जन अभियान परिषद तथा एनएसएस के कार्यकर्ताओं ने सुखलाल वाले मोहल्ले में स्थित केशव बावड़ी की सफाई रविवार को की। भाजपा नेता प्रशांत पालीवाल तथा जन अभियान परिषद के अभिषेक कुशवाह के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं और स्वयं सेवकों ने साथी हाथ बढ़ाना की तर्ज पर काम कर बावड़ी की सफाई की। एनएसएस के स्वयं सेवक सुजीत कुशवाह ने बताया कि इस तरह की गतिविधियों के माध्यम से सामूहिक चेतना का प्रसार होता है। उन्होंने मोहल्ले के लोगों को जल संरक्षण और स्वच्छता के महत्व से भी अवगत कराया। इस दौरान अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।