जैसे शरीर में रीढ़ की हड्डी का महत्व होता है वैसे ही युवा मोर्चा का भाजपा के संगठन में महत्व है। अगले 1 साल तक अपने निजी कार्यों को छोड़कर देशहित में त्याग करते हुए युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को प्रत्येक मतदान केन्द्र को भाजपा के अनुकूल एवं मजबूत बनाना है। यह बात भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उमाकांत शर्मा ने शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं की बैठक में कही।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केन्द्र पर (वन बूथ 20 यूथ) 20 युवा कार्यकर्ताओं की प्रभावशाली टीम सर्व-समावेशी बनाना है। यह टीम बूथ स्तर पर निरंतर सक्रिय रहकर नये मतदाताओं को चिन्हित कर पार्टी से जोड़े एवं अबकी बार 200 पार का लक्ष्य प्राप्त कर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की चौथी बार सरकार बनाना है। उन्होंने कहा कि सिरोंज-लटेरी विधानसभा क्षेत्र का युवा मोर्चा का कार्यकर्ता बलशाली बने तथा विनम्रता पूर्वक जनता की सेवा में तत्पर रहे।
इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष बलवीर रघुवंशी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजयुमो कार्यकर्ता नींव का पत्थर बनकर पार्टी के लिये काम करेगा। संगठन के पदाधिकारी प्रत्येक मतदान केन्द्र पर 20 युवाओं की टोली नियुक्त करेंगे। उन्होंने आगामी समय में बूथ स्तर पर युवाओं का सम्मेलन आयोजित करने हेतु मंडल स्तर पर नव मतदाताओं सम्मेलन की तैयारी करने की बात भी कही। बैठक में चलो पंचायत अभियान की समीक्षा भी की गई। 14 मई को सिरोंज ग्रामीण मंडल की 54 पंचायतों में एक साथ बैठकों को लेकर मंडल को धन्यवाद भी दिया। बैठक में बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।