भेदभाव मिटाकर ही देश को एकजुट किया जा सकता है: उमाकांत शर्मा
समाज में सामाजिक समरसता लाने के लिए देश के युवा वर्ग को समरसता का संदेश देना चाहिए। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को भाजयुमो कार्यकर्ता घर- घर जाकर सामाजिक एकता का संदेश दे रहे हैं। समाज में भेदभाव मिटा कर ही हम देश को एकजुट रख सकते है। भारत को पुनः विश्वगुरु बनाने के लिए यह जरूरी है।
यह बात भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उमाकांत शर्मा ने लटेरी रोड स्थित संस्कार गार्डन में भाजयुमो द्वारा आयोजित समरसता वाहन रैली के शुभारंभ अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि आज देश में अराजकता फैलाई जा रही है जाति, धर्म, मजहब, भाषा आदि के आधार पर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। ऐसे लोग देश के शुभचिंतक नहीं हो सकते हैं। देश और समाज के विकास के लिए आज समरसता की महती आवश्यकता है इसलिए आपसी जातिगत भेद-भाव खत्म कर भारत की एकता एवं अखंडता को बनाने हेतु मिलकर कार्य करें। इस अवसर पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष बलवीरसिंह रघुवंशी ने कहा कि वर्तमान समय में देश को समरसता की आवश्यकता है। इसलिए सम्पूर्ण प्रदेश में युवा मोर्चा द्वारा समरसता रैली निकाली जा रही है। प्राचीन काल से ही भारत के लोगों में सर्वधर्म समभाव की भावना रही है लेकिन आज इसे निजी स्वार्थ के कारण बांटने का कार्य किया जा रहा है। डॉ. . भीमराव अंबेडकर ने भी सभी जातियों के लोगों से छुआछूत दूर करने के लिए आगे आने की बात कही थी। कार्यक्रम को भाजयुमो के अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा भी संबोधित किया गया।
सामाजिक समरसता का संदेश देने भाजयुमो ने निकाली वाहन रैली। जिसे भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष उमाकांत शर्मा ने झंडी दिखाकर रवाना किया।
निकाली समरसता वाहन रैली
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा द्वारा डॉ. . भीमराव अंबेडकर के चित्र को वाहन में सजाकर समरसता वाहन रैली निकाली गई। यह रैली लटेरी रोड स्थित संस्कार गार्डन से प्रारंभ होकर पुराना बस स्टैंड, राज बाजार, मुख्य बाजार, कठाली बाजार, कष्टम पथ, छत्री नाका, लिंक रोड एवं हाजीपुर होते हुए नए बस स्टैंड पर सम्पन्न हुई। इस दौरान युवा मोर्चा कार्यकर्ता सामाजिक समरसता से युक्त नारे लगाते हुए एवं नारे वाली तख्तियां लेकर चल रहे थे।