जमीन से निकले रास्ते को बागड़ लगाकर बंद किया
गरेंठा से सालपुर तक बन रही प्रधानमंत्री सड़क के निर्माण कार्य पर गांव बिसनपुर में विराम लग गया है। बिसनपुर में रास्ते के मध्य में ही ग्रामीण द्वारा तार और जरेंठे डाल कर निर्माण रोक दिया है।
गरेंठा से सालपुर के बीच प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत डामर की सड़क डाली जा रही है। सड़क निर्माण का काम बिसनपुर मे आकर रूक गया है। दरअसल बिसनपुर में जहां से यह सड़क निकली है वह एक किसान के खाते की जमीन है। जब तक कच्ची सड़क थी किसान ने आवागमन पर रोक नहीं लगाई। वर्षों से लोग यहीं से आ-जा रहे थे। अब जैसे ही पक्की सड़क डालने की प्रक्रिया शुरू हुई तो किसान ने रास्ता बंद कर दिया। किसान घासीराम बंजारा का कहना है कि गांव में सरकारी रास्ता जहां से है वहां पर लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है। सरकार को उस रास्ते को खाली करवाना चाहिए। मैं अपनी जमीन पर सड़क निर्माण नहीं होने दूंगा। सड़क निर्माण एजेंसी के कर्मचारियों की शिकायत पर मौके पर दीपनाखेड़ा थाना क्षेत्र से डायल 100 भी पहुंची। हालांकि वह भी मामले का समाधान नहीं कर सकी। पुलिस के मुताबिक मामले का निराकरण राजस्व विभाग द्वारा किया जाएगा।