- Hindi News
- National
- मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में पंजीयन के लिए जनपद पंचायत में लग रहीं कतारें
मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में पंजीयन के लिए जनपद पंचायत में लग रहीं कतारें
मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 18 अप्रैल को होने वाली सरकारी शादियों में पंजीयन के लिए बड़ी संख्या में लोग जनपद पंचायत परिसर में पहुंच रहे हैं। अक्षय तृतीया के शुभ मुहूर्त में सरकारी शादियों का आयोजन एलबीएस कालेज के मैदान में किया जाएगा। सामूहिक आयोजन में अपने बच्चों का विवाह करवाने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक जनपद पंचायत परिसर में पहुंच रहे हैं। जनपद द्वारा पंजीयन के लिए आवेदकों के उम्र के प्रमाणीकरण का दस्तावेज अनिवार्य रूप से मांगा जा रहा है।
इसी के लिए लोगों को सबसे ज्यादा मशक्कत करना पड़ रही है। जिनके पास स्कूल की अंकसूची है उन्हें तो किसी प्रकार की परेशानी नहीं आ रही है लेकिन जिनके पास अंकसूची नहीं है उनसे अस्पताल से आयु प्रमाण पत्र बनवाने को कहा जा रहा है। आयु प्रमाण पत्र बनवाने में ही लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार तो लगातार चक्कर काटने के बाद भी उनके प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं। जनपद पंचायत में अभी तक 200 से अधिक युगलों के पंजीयन हो चुके हैं। जनपद द्वारा पंजीयन की आखरी तारीख 13 अप्रैल ही निर्धारित की गई थी लेकिन इसमें एक-दो दिन की वृद्धि होने की संभावना है।