संत शिरोमणि सेन महाराज की जयंती पर निकाली शोभायात्रा
संत शिरोमणि सेनजी महाराज की जयंती के अवसर पर सेन समाज ने नगर में शुक्रवार को शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा के बाद पंचकुईया स्थित शीतला माता मंदिर पर कथा का आयोजन भी किया गया।
सेन समाज द्वारा विगत एक पखवाड़े से सेनजी महाराज की जयंती की तैयारियां की जा रही थी। इन तैयारियों का असर शुक्रवार को सेन समाज द्वारा निकाली गई शोभायात्रा में दिखाई दिया। सुबह 11 बजे करीब छतरी चौराहा स्थित हनुमान मंदिर के सामने से सेनजी महाराज की आरती के साथ शोभायात्रा शुरू हुई। जिसमें सबसे आगे चल रहे बैंड से सुमधुर भजनों की धुन गुंजायमान हो रही थी। इसके उपरांत बज रहे ढोल की धुन पर समाज के युवा थिरक रहे थे। समाज के वरिष्ठ सदस्य सेनजी महाराज के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे।
सबसे अंत में सेनजी महाराज की तस्वीर से सुशोभित रथ चल रहा था। यह शोभायात्रा बामौरा रोड, कष्टम पथ, कठाली बाजार, चांदनी चौक तथा सिनेमा चौराहा होते हुए पंचकुईया स्थित शीतला माता मंदिर परिसर में पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान सेन बंधुओं और अन्य सामाजिक संगठनों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। शीतला माता मंदिर पर सत्यनारायण भगवान की कथा का आयोजन किया गया। इस अवसर बड़ी संख्या में सेन समाज के सदस्य उपस्थित थे।