भागवत में निकाली श्री कृष्ण की बारात, उतारी आरती
सिरोंज| क्षेत्र के गांव करमेड़ी मे आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के दौरान रविवार को गांव में भगवान कृष्ण की बारात निकाली गई। गांव के लोगों ने अपने-अपने घर पर कान्हा की आरती की।
करमेड़ी में पंडित सोनू दुबे द्वारा श्रद्धालुओं को श्रीमद भागवत के मर्म से अवगत कराया जा रहा है। कथा के छठवें दिन श्रीकृष्ण एवं रुक्मणि विवाह प्रसंग का मनभावन वाचन उन्होंने किया। कथा के दौरान ही भगवान कृष्ण की बारात भी गांव में निकाली गई। गांव की ही छोटी बालिकाओं को कृष्ण और रुक्मणि का स्वरूप प्रदान किया गया था। जिस गली से भी बारात निकली लोगों ने अपने घर के बाहर आकर कान्हा की आरती की। ढोल-ढमाकों के साथ बारात कथा स्थल पर पहुंची। आयोजन समिति के सदस्य जेपी यादव ने बताया कि कथा का समापन सोमवार को होगा। अंतिम दिन सुदामा प्रसंग की प्रस्तुति होगी। इस अवसर पर कमल लाल शास्त्री, हरिप्रसाद शास्त्री, सोभरन शर्मा, जयपाल यादव तथा गोपालसिंह के साथ ही अनेक श्रद्धालु उपस्थित थे।