दुष्कर्म की घटना के विरोध में निकाला मोमबत्ती मार्च
जम्मू के कठुआ में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर एनएसयूआई ने शनिवार रात में नगर में केंडल(मोमबत्ती) मार्च निकाला।
छतरी नाका स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समीप एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने केंडल जलाकर कठुआ में हुई घटना की निंदा की। इसके बाद यहीं से कैंडल मार्च शुरू हुआ। मार्च में शामिल कुछ कार्यकर्ताओं ने केंडल अपने हाथों में थाम रखी थी तो कईयों ने घटना के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त करती तख्ती भी थाम रखी थी। इन तख्तियों पर बेटी छुपाओ बेटी बचाओ, नफरत के बीच हम इस कदर बोने लगे, दरिंदगी अपनाकर इंसानियत खोने लगे आदि नारे लिखे थे। यह केंडल मार्च बामौरा रोड से होता हुआ मुख्य बाजार पहुंचा तथा पुराना बस स्टैंड पर जाकर समाप्त हो गया। इस दौरान मंसूर मंसूरी, अतीक मंसूरी, निकुंज प्रजापति तथा सादिक कुरैशी के साथ ही अनेक एनएसयूआई कार्यकर्ता उपस्थित थे।