केवल दिखावे के लिए बाबा साहेब को याद कर रही भाजपा : डाॅ. सिंह
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सिरसा रोड पर स्थित कांग्रेस कार्यालय में बाबा साहेब डाॅ. भीमराव आम्बेडकर की 127वीं जयंती अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य डाॅ. केवी सिंह की अध्यक्षता में मनाई। इस अवसर पर डाॅ.केवी सिंह ने डाॅ. भीमराव आम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
संबोधन में डाॅ. केवी सिंह ने कहा कि डाॅ. आम्बेडकर ने कहा था कि जब तक संविधान जिंदा है मैं जिंदा हूं, बस संविधान को मत मरने देना। लेकिन मौजूदा समय में संविधान खतरे में है। उन्होंने अाराेप लगाया कि भाजपा सरकार दिखावे के लिए बाबा साहेब को याद कर रही है। वास्तव में बाबा साहेब की सोच एवं विचारों को खत्म करने की साजिश रची जा रही है। उनकी सबसे बड़ी सोच संविधान है और आज वही संविधान खतरे में है। संवैधानिक संस्थानों का अस्तित्व भी खतरे में हैं। दलितों पर अत्याचार बढ़ रहे हैं। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली सरकार के राज में उन्नाव व कठुआ जैसे कांड हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने संदेश दिया था कि शिक्षित हो, संगठित हो और संघर्ष करो। इसलिए देश के वर्तमान हालातों को देखते हुए कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता जागरूक व संगठित होकर संघर्ष द्वारा उनके विचारों को स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं।
डाॅ. केवी सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के दस वर्ष के कार्यकाल में दलितों व पिछड़े वर्ग के लोगों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई थी। इनमें से कई योजनाओं को तो भाजपा सरकार बनने के बाद बंद कर दिया गया है। मौके पर बड़ी संख्या में उपस्थिति कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब डाॅ. भीमराव आम्बेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कांग्रेस कार्यालय में कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते डाॅ. केवी सिंह।