लाखों की इनहांसमेंट के विरोध में रोज 2 घंटे धरना देंगे सेक्टरवासी
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने सेक्टरवासियों पर लाखाें रुपये इनहांसमेंट लगाने की तैयारी कर ली है। लेकिन इससे पहले ही सेक्टर के तीन हजार लोगों को अब इसका डर सताने लगा है इसलिए हुडा ऑफिस के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। अब प्रतिदिन दोपहर बाद दो घंटे का धरना दिया जाएगा।
शनिवार दोपहर हुडा सेक्टर के पार्ट 19 व 20 पार्ट तृतीय के निवासी हुडा ऑफिस के बाहर एकत्र हो गए। हुडा वेल्फेयर एसोसिएशन के बैनर तले माला राम, राजेंद्र बजाज, डीसी रंगा, धर्म सिंह ढाका, टेक चंद, रणजीत सिंह, लख्मी चंद, हरप्रीत सिंह, पवन तायल, विनोद मेहता, सुशील शर्मा, एडवोकेट संजय गोयल, बलबीर सिंह बैनीवाल ने कहा कि हुडा के अधिकारी और कर्मचारी जमींदारों और वकीलों से सांठगांठ कर उन्हें आर्थिक तौर पर कमजोर करने पर जुटे हैं। उन्होंने कहा कि इनहांसमेंट का निर्णय लगभग हो चुका है और इसमें उपरोक्त सेक्टर के प्रत्येक निवासी पर करीब 5 लाख से 25 लाख रुपये की राशि का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा जो असहनीय और निंदनीय है।
अनिश्चतकालीन धरने का लिया फैसला
हुडा सेक्टरों में आने वाली इनहांसमेंट को देखते हुए 20 सेक्टर पार्ट 3 और 19 सेक्टर के प्लॉट धारकों ने शनिवार को हुडा ऑफिस के बाहर धरनास्थल पर मीटिंग करके यह फैसला लिया की अन्य शहरों की भांति ही हुडा सेक्टर निवासी हुडा ऑफिस के सामने प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम तक धरना देकर सरकार के सामने इनहांसमेंट के प्रति अपना रोष प्रकट करेंगे।
राजपाल, कृष्ण झोरड़, मालाराम ने लोगों ने विश्वास जाहिर किया और कहा की हालात चाहे कैसे भी हो वह लोग इनहांसमेंट नहीं भरेंगे और हर तरह से इसका विरोध करेंगे और यदि फिर भी सरकार ने उनकी समस्या को हल नहीं किया तो वह किसी भी प्रकार के फैसले लेने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि जब तक है इनहांसमेंट से उन्हें पूर्ण मुक्ति नहीं मिल जाती वह अपना संघर्ष जारी रखेंगे क्योंकि वह बड़ी मुश्किल से प्लॉट लेकर और बैंकों से लोन लेकर उस पर मकान बना चुके हैं और अब उनके पास कोई चारा नहीं है।
सिरसा। हुडा ऑफिस के बाहर धरना देते सेक्टरवासी।
इनहांसमेंट की सूचना नहीं
अभी तक विभाग की ओर से इनहांसमेंट लगाने संबंधी कोई पत्र नहीं आया है। जब पत्र आएगा, उसके अनुसार ही आगे का काम होगा। वैसे सेक्टर निवासियों की ओर से धरना शुरू करने की सूचना अभी तक नहीं मिली है क्योंकि आज छुट्टी थी।\\\'\\\' सोहन लाल, इनहांसमेंट इंचार्ज, हुडा ऑफिस, सिरसा।