रानियां रोड पर युवक से मारपीट कर डेयरी में की तोड़फोड़
रानियां रोड स्थित दूध डेयरी पर दूध डालने गए युवक पर कुछ युवकों ने रोककर मारपीट कर घायल कर दिया। घायल को छुड़वाते समय एक अन्य से भी मारपीट कर हमलावर फरार हो गए। जाते-जाते उक्त युवक डेयरी में भी तोडफ़ोड़ कर गए।
नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन अमनदीप पुत्र सतनाम ने बताया कि वह अपनी बाइक लेकर बीती शाम रानियां रोड स्थित डेयरी में दूध डालने गया था। डेयरी पर पहुंचा तो पहले से खड़े कुछ युवकों ने उससे गाली-गलौच करनी आरंभ कर दी। विरोध किया तो उक्त युवकों ने उस पर धारदार हथियारों से हमला कर घायल कर दिया। अमनदीप को बचाते समय हमलावरों ने करणदीप से भी मारपीट कर घायल कर दिया। घायल अमनदीप के अनुसार उक्त हमलावरों ने डेयरी में भी तोडफ़ोड़ की। उन्होंने बताया कि उक्त हमलावर डेयरी में लगी एलसीडी, कैमरा आदि सामान तोड़कर फरार हो गए।