बिजली निगम के सीएमडी आज करेंगे अधिकारियों के कामकाज का मूल्यांकन
अब बिजली निगम में परफॉर्मेंस के आधार पर अधिकारियों को अंक दिए जाएंगे और उन्हीं अंकों के आधार पर मर्जी का सेंटर मिलेगा। इसलिए उनके कामकाज का मूल्यांकन करने के लिए रविवार को सिरसा में हरियाणा बिजली वितरण निगम के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक शत्रुजीत कपूर आ रहे हैं। सिरसा बिजली निगम के एसई पीके चौहान ने बताया कि सीएमडी शत्रुजीत कपूर सिरसा में शाम 4 बजे तक आएंगे। इससे पहले वे फतेहाबाद में मीटिंग करेंगे। वे अधिकारियों के कामकाज की समीक्षा करके उनकी परफॉर्मेंस का आंकलन करेंगे।
कामकाज के आधार पर 1 से 100 तक दिए जा रहे अंक
कर्मचारियों व अधिकारियों को उनके उच्च या उच्चतम मूल्यांकन स्कोर के आधार पर स्थानांतरित किया जा रहा है। यह मूल्यांकन 1 से 100 के पैमाने पर किया जा रहा है। प्रदर्शन के लिए कुल 80 अंक रखे गए हैं। कार्य-कठिनाई के लिए 20 अंक आरक्षित हैं। वहीं जेई-1 और जेई रैंक के कर्मचारियों के मूल्यांकन अंक के लिए अलग-अलग मानदंड हैं। इसमें प्रदर्शन के लिए 60 अंक, कार्य-कठिनाई के लिए 20 अंक और आयु का अंक शामिल हैं। उपर्युक्त रैंक के अधिकारियों के लिए प्रदर्शन का मूल्यांकन एक समिति द्वारा किया जा रहा है।