पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • अब बैंकिंग सुविधाओं का लाभ भी देगा डाक विभाग सिरसा में आपका बैंक आपके द्वार योजना होगी लागू

अब बैंकिंग सुविधाओं का लाभ भी देगा डाक विभाग सिरसा में आपका बैंक-आपके द्वार योजना होगी लागू

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भारतीय डाक विभाग अब न केवल चिट्ठी पत्र घरों तक पहुंचाएगा, बल्कि आपका बैंक-आपके द्वार के तहत बैंकिंग सुविधाओं का लाभ भी आमजन को देगा। डाक विभाग ने भारतीय रिजर्व बैंक से लाइसेंस प्राप्त कर लिया है। योजना को सिरे चढ़ाने में शहर के मुख्य डाकघर से काम शुरू भी करवा दिया है। आगामी माह में विभिन्न बैंकिंग योजनाओं से लोग लाभांवित होंगे।

पहले चरण में 20 डाकघरों में योजना

इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंकिंग योजना की प्रदेश के 20 डाकघरों से शुरूआत होगी। इन डाकघरों में सिरसा के डाकघरों को भी शामिल किया है। वर्ष 2015 में देश की 11 बड़ी कंपनियों ने भारतीय रिजर्व बैंक में पेमेंट बैंक सुविधा शुरू करने के लिए लाइसेंस के लिए आवेदन किया था। आवेदन के तीन वर्ष बाद अब रिजर्व बैंक ने डाक विभाग को बैंकिंग सुविधा शुरू करने का लाइसेंस दे दिया। हालांकि डाक विभाग की ओर से पायलेट प्रोजेक्ट के तौर पर 2017 में रायपुर और झारखंड के रांची में यह सुविधा शुरू की थी। जिसको अब जिला मुख्यालयों पर स्थित मुख्य डाकघरों में भी लागू किया जाएगा। इससे सिरसा जिले के लोगों को लाभ मिलेगा।

सदर बाजार में मुख्य डाकघर का भवन।

बैंकों से मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक योजना के तहत डाकघरों में अन्य बैंकों की तुलना में कई तरह की बेहतर सुविधाएं भी मिलेंगी। इन सुविधाओं की एवज में कई बैंकों की ओर से वसूले जाने वाले चार्ज भी इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक में नहीं लगेंगे। जिससे लोगों को आर्थिक चपत से राहत मिलेगी। इन बैंकिंग सेवाओं के साथ ही पोस्टमैन इलाकों में भुगतान सेवाएं भी पहुंचाएंगे। इसके माध्यम से बेसिक बैंकिंग, डीबीटी लाभ का भुगतान, विभिन्न प्रकार के बिलों के भुगतान तक सुविधाएं मिलेंगी।

उपभोक्ता एक लाख रुपये तक खुलवा सकता है बचत खाता

डाकघर की इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक में उपभोक्ता 1 लाख रुपये तक का बचत खाता खुलवा सकता है। पेमेंट बैंक 25 हजार रुपये की जमा राशि पर 4.5 फीसदी व 25 हजार से ऊपर 50 हजार तक की जमा राशि पर 5 फीसदी व इससे ऊपर एक लाख रुपये की जमा राशि पर 5.5 फीसदी तक ब्याज देय होगा। पहले टीम के चार सदस्यों को इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक संबंधी प्रशिक्षण देकर जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। बैंकिंग सेवाओं में नवीनतम सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से डाक विभाग ने अपने स्तर पर कार्य पूरा कर लिया है। इस बैंकिंग सेवाओं से जुडऩे वाले प्रत्येक स्टाफ को एक स्मार्ट फोन व डिवाइस दी जाएगी।

अगले महीने से ही मिलेगा योजना का लाभ

मुख्य डाकघर से इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक योजना की शुरूआत होगी। मुख्यालय के निर्देशानुसार टीमें पहुंची हैं। यह टीमें सभी डाकघर स्टाफ को ट्रेनिंग देने का काम करेंगी। मई के पहले सप्ताह से उपभोक्ताओं योजना से लाभांवित होने लगेंगे। -कमलेश रानी, मुख्य डाकपाल, सिरसा

खबरें और भी हैं...