पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • गेहूं उठान धीमा, मंडियों में खुले में पड़ा है 34 लाख क्विंटल गेहूं

गेहूं उठान धीमा, मंडियों में खुले में पड़ा है 34 लाख क्विंटल गेहूं

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रानियां। अनाज मंडी में पर्यटन निगम के अध्यक्ष जगदीश चोपड़ा गेहंू खरीद कार्य का जायजा लेते हुए।

भास्कर न्यूज| सिरसा

मौसम के लगातार बदलते तेवर काे देखते हुए किसान, आढ़ती और प्रशासन के माथे पर चिंता की लकीरें साफ देखी जा रही है। प्रशासन की अव्यवस्था और ठेकेदार की ओर से धीमे किए जा रहे उठान के कारण जिलाभर की मंडियों में 34 लाख क्विंटल गेहूं खुले आसमान तले पड़ा है।

ऐसे में अगर बरसात हो जाती है तो किसी के पास सिवाए अफसोस जताने के अलावा कुछ नहीं बचेगा। बात सिरसा मंडी की करें तो यहां भी अब तक उठान नाम मात्र का है। सिरसा मंडी में 10 लाख क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी है, मगर अभी तक केवल 2 लाख क्विंटल ही गेहूं का उठान हो पाया है। ऐसे में 8 लाख क्विंटल सिरसा मंडी की सड़कों पर पड़ा है। इसलिए ना तो मंडी में गेहूं डालने के लिए किसान को जगह मिल रही है और ना ही कोई वाहन अंदर जा पा रहा है। गेहूं के बैग से मंडी पूरी तरह से भरी पड़ी है। जिसका कारण समय पर उठान नहीं होना है।

जिले में गेहूं खरीद और उठान का विवरण

कुल खरीदी गई गेहूं : 43 लाख 3 हजार 94 क्विंटल

कुल गेहूं का उठान हुआ: 9 लाख 3 हजार 822 क्विंटल

सिरसा मंडी में खरीदी गई गेहूं: 10 लाख 8 हजार 550 क्विंटल

अब तक उठान हुआ: 1 लाख 98 हजार क्विंटल

आढ़तियों और ठेकेदार का विवाद खत्म, अब उठान में तेजी आने का दावा

अनाज मंडी के आढ़तियों की ओर से मंडी में गेहूं के धीमे उठान व हैफेड के ठेकेदार द्वारा आढ़तियों के साथ किए गए कथित दुव्र्यवहार के चलते चल रहा विवाद अब खत्म हो गया है। इस वजह से प्रभावित चल रहे मंडी के कामकाज में अब तेजी आ सकती है। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेंद्र सिंह बैनीवाल द्वारा दोनों पक्षों में समझौता करवाया गया है। इसके बाद गेहूं का उठान शुरू होने का भी दावा किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि पिछले दो दिनों से आढ़तियों व ठेकेदार के बीच उपजे विवाद को सुलझाने के लिए इस मामले को अतिरिक्त उपायुक्त मुनीष नागपाल के सामने रखा गया था । अतिरिक्त उपायुक्त द्वारा इस संदर्भ में कार्यवाही करते हुए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेंद्र सिंह बैनीवाल को बतौर प्रतिनिधि नियुक्त किया गया था। उन्होंने मौके पर जाकर ठेकेदार व आढ़तियों के बीच उपजे विवाद का समझौता करवाया गया। वहीं रानियां मंडी का दौरा करते हुए हरियाणा पर्यटन निगम के अध्यक्ष जगदीश चोपड़ा ने किसानों व आढ़तियों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने किसानों से प्रति एकड़ गेहूं की पैदावार के बारे में पूछताछ की।

खबरें और भी हैं...