भारत बंद के वायरल मैसजों को लेकर पुलिस फिर अलर्ट
एससीएसटी एक्ट व दर्ज हुए मुकदमों के विरुद्ध में एक बार फिर दलित समाज की ओर से शनिवार और रविवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर भारत बंद करने के आह्वान का मैसेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने जिले में अलर्ट घोषित कर दिया हैं। वहीं दंगाइयों से निपटने के लिए पुलिस लाइन में अभ्यास भी शुरू कर रखा है। मगर दूसरी ओर जिला के दलित समाज से जुड़े संगठनों का कहना है कि उनकी तरफ से कोई भारत बंद का आह्वान नहीं है। वे किसी प्रकार का कोई विरोध भी नहीं कर रहें। सिर्फ शांतिपूर्वक बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाएंगे। यहां बता दें कि पिछले 15 दिनों में भारत बंद करने का यह तीसरा आह्वान है। हालांकि अभी यह तय नहीं है कि 14 अप्रैल और 15 अप्रैल को भारत बंद रहेगा या नहीं। फिर भी चेतावनी स्वरूप प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम पुख्ता कर लिए हैं। एएसपी की ओर से सभी डीएसपी और थाना प्रभारियों को इस संबंध में आदेश जारी हो चुके हैं। वहीं फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की भी तैनाती अलग अलग स्थलों पर करने के आदेश जारी हुए हैं। सरकारी संस्थानों की सुरक्षा के इंतजाम भी पुख्ता किए गए हैं।
सुरक्षा कड़ी रहेगी
जी हां, भारत बंद की सूचना सोशल मीडिया पर चल रही है। इसी के चलते जिले में शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। बाजारों में पुलिस गश्त करेगी। उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। हालांकि अभी संगठन की तरफ से कोई चेतावनी नहीं है। \\\'\\\' नरेंद्र बिजारणियां, एएसपी, सिरसा