रानियां मंडी में तेरह दिन बाद भी शुरू नहीं हुई खरीद
गेहूं की सरकारी खरीद शुरू करने की प्रक्रिया बीती 1 अप्रैल से सरकारी कागजों के मुताबिक हो चुकी है। लेकिन रानियां की अनाज मंडी में तेरह दिन बीत जाने के बाद गेहूं की सरकारी खरीद शुरू नहीं हो सकी है। जबकि मंडी में अभी तक एक लाख क्विंटल गेहूं की आवक भी हो चुकी है।
मंडी में गेहूं की फसल बेचने के लिए आ रहे किसान रोजाना परेशान हो रहे हैं। किसान सुरजीत सिंह और सुभाष नेहरा ने बताया कि वह मंडी में पिछले 4 दिनों से गेहूं की फसल लेकर आए हुए हैं। लेकिन किसी भी खरीद एजेंसी ने खरीद शुरू करने की जहमत भी नहीं की है। एक तरफ तो सरकार का कहना है कि मंडी में गेहूं आने के 24 घंटे के अंदर गेहूं की खरीद की जानी चाहिए लेकिन इसके उल्ट रानियां मंडी में गेहूं की खरीद न के बराबर हुई है जिससे मंडी में फसल लेकर आने वाले किसानों की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं।
रानियां अनाज मंडी में चार खरीद एजेंसियों की ओर से गेहूं खरीद की जानी है जिनमें हरियाणा वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन, खाद्य आपूर्ति विभाग, एफसीआई और हैफेड शामिल हैं। शुक्रवार को खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से गेहूं खरीद करने की बारी होने के बावजूद कोई भी खरीद अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस बारे में में खाद्य आपूर्ति अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि विभाग की ओर से रानियां मंडी में गेहूं खरीद के लिए कोई लिखित आदेश प्राप्त नहीं हुए हैं।
जल्द नहीं खरीदा गया गेहूं तो करेंगे प्रदर्शन
रानियां पैक्स के चेयरमैन बीएस विर्क ने कहा कि सरकार की ओर से गेहूं की सरकारी खरीद न कर किसानों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मंडी में जल्द ही गेहूं की खरीद आरंभ नहीं की गई तो सभी किसान प्रदर्शन करने के लिए बाध हो जाएंगे।
खरीद एजेंसियों से संपर्क साधा जा रहा है : सचिव
रानियां मार्केट कमेटी के सचिव सुरेंद्र कुमार ने बताया कि सरकारी खरीद एजेंसियों से संपर्क किया जा रहा है ताकि वे जल्द गेहूं की खरीद शुरू करें।
एडीसी ने किया डिंग मंडी का दौरा
भास्कर न्यूज. डिंग मंडी
अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल ने शुक्रवार को गांव डिंग मंडी में अनाज मंडी का दौरा किया व गेहूं की खरीदारी की शुरुआत करवाई। डॉ. नागपाल ने किसानों की समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गेहूं खरीद के दौरान किसानों को कोई दिक्कत न हो।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसानों के लिए मंडियों में बिजली, पीने का पानी व शौचालय का उचित प्रबंध करें। कोई भी किसान शौच के लिए बाहर न जाए। गेहूं की खरीद के बारे में खरीद एजेंसियों को निर्देश दिए कि वे गेहूं के उठान में किसी प्रकार की कोताही न बरतें। गेहूं का उठान प्रात: जल्दी ही करवाना शुरु करें। इसके अतिरिक्त किसानों की उनकी अदायगी समय पर करवाने बारे भी चर्चा की गई। उन्होंने गेहूं की गुणवत्ता को जांचा तथा 12 प्रतिशत नमी वाली गेहूं की ढेरी की बोली शुरु करवाई।
डिंग अनाज मंडी में गेहूं खरीद का जायजा लेने पहुंचे एडीसी डॉ. मुनीश नागपाल। साथ हैं सिरसा के विधायक मक्खन सिंगला व अन्य।