बिजली कर्मियों के समर्थन में आया राज्य कर्मचारी संघ
सिरसा | हरियाणा राज्य कर्मचारी संघ संबंधित राष्ट्रीय राज्य कर्मचारी महासंघ (बीएमएस) के प्रदेश महामंत्री कृष्ण लाल गुर्जर व हरियाणा राज्य कर्मचारी संघ के जिला महामंत्री नंदन सिंह टडियाल ने अनुबंधित बिजली कर्मचारी संघ द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन का समर्थन किया है। उन्होंने बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि अनुबंधित कर्मचारियों की मांगों का तुरंत हल किया जाए अन्यथा हरियाणा राज्य कर्मचारी संघ अनुबंधित कर्मचारियों के आंदोलन में सीधे भागीदारी करने को मजबूर हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा अनुबंधित कर्मचारियों के आंदोलन की अनदेखी की जा रही है, जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि ठेकेदार व बिजली विभाग में अन्य यूनियनों के साथ बिजली बोर्ड के अधिकारियों की मिलीभगत है। इस मिलीभगत के तहत अनुबंधित कर्मचारियों की मांगों को अनसुना किया जा रहा है। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अधिकारियों ने अपना रवैया नहीं बदला तो हरियाणा राज्य कर्मचारी संघ व भारतीय मजदूर संघ इन अधिकारियों की आंख खोलने का व एसकेएस महासंघ के गठबंधन व ठेकेदार की मिलीभगत का पर्दाफाश करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि एक तरफ अनुबंधित कर्मचारी संघ की सरकार में 12 मांगों पर सहमति जताते हुए अग्रिम कार्रवाई हेतु बिजली विभाग के सभी निगमों को कार्रवाई के लिए भेज दिया है, लेकिन सिरसा में अधिकारी जानबूझकर अनुबंधित कर्मचारियों को परेशान कर ठेकेदार को फायदा पहुंचाने का काम कर रहे हैं। बिजली बोर्ड के अधिकारी श्रम कानूनों का उल्लंघन कर रहे हैं।
18 अप्रैल से एसई कार्यालय का करेंगे घेराव