- Hindi News
- National
- रिटायर्ड कर्मचारी संघ का डीसी कार्यालय के समक्ष पड़ाव जारी, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
रिटायर्ड कर्मचारी संघ का डीसी कार्यालय के समक्ष पड़ाव जारी, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा की राज्य कार्यकारिणी के निर्णय के अनुसार संघ की जिला कार्यकारिणी की ओर से डीसी कार्यालय के समक्ष पड़ाव शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। पड़ाव की अध्यक्षता जिला उपप्रधान अशोक ढोसीवाल ने की जबकि संचालन जसवंत सिरसा ने किया। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपने रोष का इजहार किया।
वहीं संघ ने अपनी मांगों के संबंध में सिटीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार राजहठ को छोड़कर रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा की मांगों को शीघ्र पूरा करे। वहीं ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि केंद्र सरकार की तर्ज पर जनवरी 2016 से पहले रिटायर्ड हुए कर्मचारियों पर संशोधित पेंशन 10 जनवरी 2018 के आदेश को बोर्डों, निगमों, विश्वविद्यालयों, नगर निगमों, नगर पालिकाओं, सहकारी संस्थाओं सहित सरकार के सभी विभागों में तुरंत लागू करवाया जाए।
इसके अलावा 29 मार्च 2017 को सीएम के साथ वार्ता में बनी सहमति को तुरंत लागू किया जाए, जिसमें 70 वर्ष की उम्र होने पर 25 प्रतिशत पेंशन बढ़ाना, कैशलेस सुविधा पेंशन में बिना कटौती के सभी बीमारियों पर सरकारी दरों पर लागू करना, रीढ़ की हड्डी के बसंत कुंज दिल्ली के अस्पताल को पैनल में शामिल करना, सभी जिलों में पैनल के अस्पतालों की संख्या बढ़ाना, नई पेंशन स्कीम को वापिस कर पुरानी पेंशन स्कीम लागू करना शामिल हैं। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि इसके अलावा रिटायर्ड कर्मचारियों की मांगें मेडिकल भत्ता 500 रुपये से बढ़ाकर तीन हजार रुपए मासिक और फिलहाल केंद्र के अनुसार 1 हजार रुपये किया जाए।
लघुसचिवालय में मांगों काे लेकर सिटीएम को ज्ञापन सौंपते सेवानिवृत्त कर्मचारी।