पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • अपनी प्रतिभा के अनुसार कैरियर चुनें : प्रो. अनायत

अपनी प्रतिभा के अनुसार कैरियर चुनें : प्रो. अनायत

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
दीन बंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मुरथल के वीसी प्रो. राजेंद्र कुमार अनायत ने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी छुपी हुई प्रतिभा को पहचान कर रूचि के अनुसार कैरियर का चयन करना चाहिए। वह चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत एक ग्रामीण प्रधान राष्ट्र है और यहां के ग्रामीण आंचल में प्रतिभा कूट कूटकर भरी हुई है।

ग्रामीण प्रतिभाओं को तराशकर उनकी उर्जा को सही दिशा प्रदान करना शैक्षणिक संस्थानों की नैतिक जिम्मेदारी बनती है। युवा पीढ़ी को विश्वभर में भ्रमण करना चाहिए और वैश्विक जानकारी हासिल करनी चाहिए। प्रतिस्पर्धा के मामले में दूसरों से तुलना करने की बजाए स्वयं का आंकलन करके अपने व्यक्तित्व का विकास युवा पीढ़ी को करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत को विश्व शक्ति बनने से कोई नहीं रोक सकता क्योंकि विश्व के सर्वाधिक युवा भारत में हैं। भारतीय युवा शक्ति का विश्व भर में डंका बजता है। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। स्वागत गीत संगीत विभाग की प्राध्यापिका सरस्वती की टीम ने प्रस्तुत किया। पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थी संदीप देसू के निर्देशन में तैयार किए गए राष्ट्रभक्ति से ओत प्रोत नाटक ने दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी।

महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहा है सीडीएलयू: प्रो. कायत

सीडीएलयू के वीसी प्रो. विजय कुमार कायत ने कहा कि चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय उच्चतर शिक्षा के क्षेत्र में नित नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस विश्वविद्यालय ने सिरसा तथा आसपास के क्षेत्रों की उच्चतर शिक्षा संबंधी मांगों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विश्वविद्यालय खुलने से पहले यहां के विद्यार्थियों को उच्चतर शिक्षा ग्रहण करने के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाना पड़ता था। उपलब्धियां गिनवाते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में हिंदी व पंजाबी विभाग सहित चार अन्य विभाग शैक्षणिक सत्र 2017-18 से प्रारंभ किए गए हैं। इसी प्रकार आगामी शैक्षणिक सत्र से विश्वविद्यालय का यूनिवर्सिटी कॉलेज व बॉटनी व जूलॉजी विभाग शुरू किए जाएंगे।

राष्ट्र विकास में भागीदारी सुनिश्चित करना उद्देश्य

चौधरी देवीलाल के पौत्र अर्जुन चौटाला ने कहा कि जननायक चौधरी देवीलाल का राजनीति में आने का मुख्य उद्देश्य राष्ट्र विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करना था और वे सही मायने में जननायक थे और युवाओं को उनके सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। रजिस्ट्रार प्रो. असीम मिगलानी ने बताया कि किस प्रकार नवीनतम संसाधनों का उपयोग करके विश्वविद्यालय की प्रगति के नित नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं।

सीडी का हुआ विमोचन, डॉक्यूमेंट्री दिखाई

मुख्यातिथि ने विश्वविद्यालय के कुल गीत की सीडी का विमोचन किया। पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों की आेर से बनाई गई डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई। सीडीएलयू के प्राध्यापकों सेवा सिंह बाजवा, आरती गोड़ और चरणजीत कौर की लिखित व अनुवादित दो पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। अच्छा कार्य करने वाले महाविद्यालयों के प्राचार्यों व विश्वविद्यालय के प्रोफेसरों व गैर शिक्षक कर्मचारियों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों एवं कलाकारों को भी सम्मानित किया गया। अतिथियों का स्वागत शैक्षणिक मामलों के अधिष्ठाता प्रो. दीप्ति धर्माणी ने किया जबकि धन्यवाद मो. काशिफ किदवई ने किया। मंच का संचालन डाॅ. आरती गोड़, रमनदीप कौर व टिम्सी मेहता ने किया। इस अवसर पर प्रो. सुरेश गहलावत, प्रो. सुलतान, प्रो. विक्रम सिंह, प्रो. दिलबाग सिंह और प्रो. पंकज शर्मा उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं...