- Hindi News
- National
- दुष्टों के प्रति कठोर व शस्त्र, शास्त्र में निपुण थे भगवान परशुराम: शर्मा
दुष्टों के प्रति कठोर व शस्त्र, शास्त्र में निपुण थे भगवान परशुराम: शर्मा
सिरसा | भगवान श्री परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में श्री शिवशक्ति यज्ञ समिति एवं ब्राह्मण शक्ति मंच के तत्वावधान में रविवार को अलसुबह श्री आर्य समाज मंदिर में वृहद यज्ञ का आयोजन किया गया। उपरोक्त दोनों धार्मिक संस्था के संस्थापक पंडित विजय शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस यज्ञ में भगवान शंकर, वीणापाणि सरस्वती, गौरीपुत्र गणेश एवं कल्याणकारी मां जगदंबा को याद कर उनके निमित्त मंत्रोच्चारण किया और आहुतियां डाली।
पंडित विजय शर्मा ने भगवान शिवशंकर के प्रति कहा कि आप समस्त जगत को जानने वाले हैं और एक रूप में सर्वव्यापक हैं। उन्होंने कहा कि देव, दानव और गंधर्व सदैव आपकी आराधना और पूजा करते हैं। शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम भी भगवान शिवशंकर की मानिंद ही कृपालु और दुष्टों के प्रति कठोर थे। उन्होंने कहा कि अपने विशिष्ट कार्यों के चलते समस्त जगत में प्रसिद्ध गौ ब्राह्मण के रक्षक थे। उन्होंने कहा कि रेणूकानंदन परशुराम शस्त्र और शास्त्र दोनों में निपुण थे, इसी वजह से विख्यात शासकों ने उनसे शिक्षा ली। यज्ञ के दौरान राजेंद्र चाडीवाल, कुलदीप आर्य, वेद प्रचार मंडल अध्यक्ष जगदीश सिंवर, गिरधारीलाल, ओमप्रकाश भजनोपदेशक, ओमप्रकाश खरां, संजीव सैनी, विशाल सैनी, संजीव खुराना आदि मौजूद रहे।