खेलों का अपना ही महत्व : अमन
सिरसा | भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अमन चोपड़ा ने कहा कि कोई भी व्यक्ति कोई खेल तब तक नहीं खेल सकता, जब तक कि वह वाकई जीतना न चाहता हो। साथ ही, अगर आप हार जाते हैं, तो भी उसे स्वीकार करना आना चाहिए। अपनी जीत और अपनी हार, दोनों को पूरी गरिमा के साथ स्वीकार करने का यह गुण अपने जीवन में लाना बहुत जरूरी है। अमन कंगनपुर रोड पर भगत सिंह क्लब की ओर से आयोजित एक टूर्नामेंट में खिलाडिय़ों को संबोधित कर रहे थे। उनके साथ जिलाध्यक्ष सुनील बामनिया व नगर अध्यक्ष कर्ण दुग्गल भी मौजूद रहे। इस टूर्नामेंट में गिंदड़ावाली व खैरपुर टीम में फाइनल मैच हुआ, जिसमें खैरपुर टीम ने सराहनीय प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम को अमन ने क्लब की ओर से ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।