पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • पॉलीथिन यूज : पशुओं की मौत, सड़कों पर गंदगी

पॉलीथिन यूज : पशुओं की मौत, सड़कों पर गंदगी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहर की सरकार यानि नगर परिषद के चेयरपर्सन शीला सहगल बुधवार को अपने लाव-लश्कर सहित शहर के बाजार में जा पहुंची। वहां सब्जियां और फल बेच रहे रेहड़ी वालों के पास जाकर बाेलीं, भैया, सड़ीगली सब्जियां और फलों को कभी भी पॉलीथिन बैग में बांध कर सड़क पर न फेंकना। बेसहारा पशु पॉलीथिन बैग में रखी वस्तुओं का सेवन कर लेते हैं और बाद में दम तोड़ जाते हैं। सड़क पर गंदगी न फैले, इसलिए डस्टबिन का इस्तेमाल किया करो।

यह नजारा शहरवासियों को पुरानी सब्जी मंडी बाजार में देखने को मिला। नप चेयरपर्सन के साथ नगर परिषद के सफाई निरीक्षक व नोडल अधिकारी अनिल नैन और सक्षम युवाओं व कुछ समाजसेवियों की टीम भी थी। यह सब शहर की सरकार ने शहरी स्वराज अभियान के तहत किया। अभियान के तहत स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली और उस रैली के जरिए शहर को स्वच्छ रखने का संदेश शहरवासियों को दिया। रैली को नगर परिषद की चेयरपर्सन शीला सहगल ने हरी झंडी दिखाकर सिरसा ट्रेड टॉवर से रवाना किया। रैली सिरसा ट्रेड टॉवर से शुरू होकर एकता चौक, सुभाष चौक व सदर बाजार से वार्ड 17 की गलियों में से होते हुए वापस सिरसा ट्रेड टॉवर पर पहुंच कर संपन्न हुई। रास्ते में रैली में शामिल सक्षम युवाओं की टीम के सदस्यों बलजिंद्र सोखल, बलविंद्र गिल, सुनील, धर्मपाल, सतबीर, विक्रम, सुरेंद्र, राहुल के अलावा नगरपालिका सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान चंद्रशेखर और नगर परिषद के सफाई निरीक्षकों पवन कुमार व अमित यादव ने भी फल सब्जियों बेच रहे रेहड़ी वालों को सड़ीगली सब्जियों और फलों को पॉलीथिन लिफाफों में डाल कर सड़क पर न फेंकने की हिदायत दी।

ट्रेड टावर मार्केट में फल व सब्जी बेचने वालों को सफाई रखने व पॉलीथिन का प्रयोग न करने के बारे में समझाते नप चेयरपर्सन शीला सहगल व अधिकारी।

शहर को साफ सुथरा रखना सभी का कर्त्तव्य

नगर परिषद की चेयरपर्सन शीला सहगल ने रैली को रवाना करने से पहले उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए कहा कि शहर को साफ-सुथरा रखना सभी शहरवासियों का नैतिक कर्त्तव्य है। नगर परिषद प्रशासन को शहरवासियों का सहयोग चाहिए ताकि शहर खूबसूरत नजर आए। गंदगी न फैले। गंदगी नहीं होगी तो बीमारियां भी नहीं होंगी। सभी स्वस्थ रहेंगे। इस मौके पर लायंस क्लब सिरसा अमर के सदस्यों के अलावा समाजसेवी सुमन मित्तल, रणजीत सिंह टक्कर आिद मौजूद थे।

5 तक चलेगा अभियान

नगर परिषद के सफाई निरीक्षक व नोडल अधिकारी अनिल नैन ने बताया कि यह अभियान 5 मई तक चलाया जाएगा। अभियान में सभी का सहयोग अपेक्षित है।

खबरें और भी हैं...