इनहांसमेंट के विरोध में हुडा ऑफिस के समक्ष दिया धरना
इनहांसमेंट लागू न करने की मांग को लेकर हुडा ऑफिस के आगे धरनारत सेक्टरवासी।
सेक्टरवािसयों के साथ विद्यार्थियों व महिलाआें ने निकाला जुलूस
भास्कर न्यूज | सिरसा
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने सेक्टरवासियों पर संभावित इनहांसमेंट के विरोध में सेक्टर निवासियों का धरना मंगलवार को भी जारी रहा। इस दौरान महिलाओं और बच्चों ने भी जुलूस निकालकर विरोध जताया। साथ ही फैसला लिया कि बुधवार को जींद में आयोजित प्रदेशस्तरीय कार्यक्रम में सिरसा के सेक्टरवासी भी शामिल होंगे।
मंगलवार काे दोपहर बाद सेक्टरवासी हुडा ऑफिस के समक्ष धरनास्थल पर एकत्र हुए। सेक्टर के स्कूली बच्चों ने जुलूस निकाला जिसमें उन्होंने रोष प्रकट किया। धरनारत महिलाओं ने कहा कि वह पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर इस संघर्ष में आगे बढ़ेंगे व किसी भी प्रकार की बलिदान की आवश्यकता होगी तो वह कभी भी पीछे नहीं हटेंगी। धरना प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे राजपाल, कृष्ण झोरड़ व मालाराम पारीक ने फैसला लिया कि 18 तारीख को होने वाले जींद में कार्यक्रम में भाग लेने के लिए यहां से प्रतिनिधि जाएंगे। वहां पर हरियाणा भर के सेक्टरवासियों की एसोसिएशन का एक सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इसमें आगामी रणनीति पर फैसला लिया जाएगा।
हुडा रेजिडेंस वेल्फेयर एसोसिएशन के सचिव राजपाल ने कहा कि इनहांसमेंट का दानव इसलिए खड़ा हुआ है क्योंकि हुडा प्रशासन ने पहले इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। भ्रष्टाचारी अफसरों ने इसे फलने-फूलने दिया लेकिन अब वह किसी भी प्रकार की कोताही को बर्दाश्त नहीं करेंगे। कृष्ण झोरड़ ने कहा कि हालात कैसी भी हो उनका संघर्ष पूरी तरीके से जारी रहेगा। सतवंत कौर ने कहा कि धरना प्रदर्शन और आमरण अनशन के लिए तैयार हैं।