शहर में 30 विकास कार्यों का रास्ता खुला, नप प्रशासन ने ओपन किए टेंडर
शहर में विकास कार्य कराने की नियत से नगर परिषद प्रशासन ने आखिरकार 30 कार्य कराने के लिए आमंत्रित टेंडर को मंगलवार को अोपन कर ही दिया। इस टेंडर को ओपन करने से पहले संशय बना हुआ था कि टेंडर ओपन किया जाएगा या रद्द किया जाएगा क्योंकि पिछले हफ्ते जब टेंडर ओपन करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी तब 10 बिडों को रद्द कर दिया गया था। उससे नगर परिषद में कुछ ठेकेदारों और कुछ पार्षदों ने खूब बवाल भी किया था। टेंडर को रद्द करने की मांग भी कर डाली थी।
हालांकि नगर परिषद के एमई राकेश पूनिया और एमई श्रवण कुमार ने भी टेंडर को रद्द किए जाने की अनुशंसा कर दी थी ताकि एमई ब्रांच और नप प्रशासन की किरकिरी न हो। लेकिन नगर परिषद के ईओ विरेंद्र सिंह सहारण ने मंगलवार को दोनों एमई और संबंधित ठेकेदारों के साथ मीटिंग की। बाद में नगर परिषद के उपप्रधान रणधीर सिंह और पार्षद प्रतिनिधि राजेश शर्मा को भी बुलाकर उन्हें शहर में विकास कार्य कराने के लिए प्रेरित किया। टेंडर को रद्द करने की बजाय ओपन करने को कहा ताकि शहर में विकास कार्य हो सकें और शहर खूबसूरत बन सके।
ठेकेदार विजय झूंथरा, दलीप गर्वा, पवन, अंशुल और दीपक के अलावा पार्षद प्रतिनिधि राजेश शर्मा ने कहा कि विकास कार्य तो होने ही चाहिए लेकिन तरीका भी सही होना चाहिए। किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। उसके बाद ईओ विरेंद्र सिंह सहारण ने टेंडर ओपन करने की इजाजत एमई को दे दी। बाद में नगर परिषद की चेयरपर्सन शीला सहगल के ऑफिस में एमई राकेश पूनिया, एमई श्रवण कुमार, जेई भूपेंद्र सिंह और एमई ब्रांच के लिपिक ओमप्रकाश व अशोक कुमार की मौजूदगी में टेंडर ओपन किया गया। इस मौके पर पार्षद कौशल्या वर्मा, पार्षद प्रतिनिधि कर्मजीत सिंह वाल्मीकि के अलावा ठेकेदार भी मौजूद थे।