- Hindi News
- National
- ई दिशा केंद्र बनेंगे अंत्योदय सरल केंद्र, एक छत के नीचे होंगी सभी सुविधाएं और योजनाएं
ई दिशा केंद्र बनेंगे अंत्योदय सरल केंद्र, एक छत के नीचे होंगी सभी सुविधाएं और योजनाएं
जिले के सभी तहसील कार्यालयों में खोले गए ई दिशा केंद्र जल्द ही अंत्योदय सरल केंद्रों में तबदील होंगे। योजना का उद्देश्य लाइन में खड़े अंतिम व्यक्ति को भी त्वरित सुविधाएं देकर उनके समय की बचत करना है। वहीं लोगों को एक छत के नीचे सभी सरकारी सुविधाएं उपलब्ध हाेंगी।
ई- दिशा केंद्र सिरसा को अंत्योदय सरल केंद्र बनाने की शुरुआत भी हो चुकी है, क्योंकि भवन का नाम परिवर्तन कर बिल्डिंग के विस्तार का कार्य जोरों पर है। नवनिर्मित भवन में सुविधा काउंटरों की संख्या डबल की जाएगी। जिसमें पहली स्टेज में 33 लाख रुपये खर्च होंगे। उसके बाद एक बिल्डिंग का नवनिर्माण किया जाना है। दोनों स्टेज में 1 करोड़ 48 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। यह सुविधा सभी तहसील कार्यालयों में स्थित केंद्रों में सुनिश्चित कराने का प्रावधान भी है। लघु सचिवालय में स्थित अंत्योदय सरल केंद्र से जुलाई तक लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने लगेंगी। लघु सचिवालय में स्थित ई- दिशा केंद्रों में फिलहाल 16 सुविधा काउंटर हैं। जहां सीएम विंडो, जमीन रजिस्ट्री, लाइसेंस, डेमोसाइल, आरसी व जमीन से संबंधित कार्य होते हैं। जहां रोजाना सरकारी कामकाज करवाने आए लोगों की लंबी लाइनें काउंटरों पर लगती हैं। लेकिन केंद्र को अंत्योदय सरल केंद्र बनाने की योजना के तहत बिल्डिंग में 30 काउंटर बनेंगे। इसकी सुविधा जुलाई तक ग्राहकों को मिल सकेगी।