जयंती पर धर्म संघ संस्कृत महाविद्यालय में किया हवन
आध्यात्मिक कार्यों को समर्पित श्री ब्राह्मण शक्ति मंच एवं श्री शिवशक्ति यज्ञ समिति के संस्थापक पंडित विजय शर्मा के नेतृत्व में मंगलवार को भगवान परशुराम जयंती को लेकर धर्म संघ संस्कृत महाविद्यालय में हवन हुआ। जिसमें देवी देवताओं को स्मरण कर मंत्रोच्चारण किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के 21 ब्राह्मणों सहित मंत्रोच्चारण करते हुए पंडित विजय शर्मा ने गणेश अंबिका पूजन, कार्तिक पूजन, नंदीश्वर पूजन, नवग्रह पूजन, सोढस मात्रिका पूजन, गुरु पूजन, पितृ पूजन, सर्प पूजन, कुबेर पूजन, वीरभद्र पूजन व भगवान शंकर का पंचामृत से अभिषेक किया गया।
इसके अलावा भगवान शंकर का नमक चमक के साथ रूद्राभिषेक किया गया। इसके अलावा लंकेश की ओर से रचित शिवतांडव स्त्रोत का पाठ किया गया। पंडित विजय शर्मा ने उपस्थितजनों को सिरसा स्थित आर्य समाज मंदिर में उनके संगठन की ओर से आयोजित किए जाने वाले वृहद यज्ञ, रक्तदान शिविर व भंडारे में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम समस्त जगत में एक ऐसे योद्धा के रूप में जाने जाते हैं, जिन्होंने सदैव अन्याय का विरोध करते हुए जगत में न्याय की स्थापना में अहम योगदान दिया।