पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • फर्जी फर्म मामला : महेश बंसल के नई दिल्ली स्थित फ्लैट पर रेड, बेटा बोला, केस दर्ज होने के बाद एक दिन आए थे

फर्जी फर्म मामला : महेश बंसल के नई दिल्ली स्थित फ्लैट पर रेड, बेटा बोला, केस दर्ज होने के बाद एक दिन आए थे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जिले में फर्जी फर्म मामले के मुख्य सरगना महेश बंसल का गिरफ्तारी वारंट लेकर आईजी स्टॉफ की टीम नई दिल्ली के गुरु हरिकेश नगर पहुंची। वहां पर उसके बेटे अंकित के फ्लैट में दबिश दी गई। मगर टीम को वहां से निराशा ही हाथ लगी। आईजी स्टाफ टीम के इंचार्ज जंगीर सिंह के नेतृत्व में टीम की अाेर से फरार चल रहे आरोपी महेश बंसल के बेटे अंकित से पूछताछ की गई। अंकित ने टीम को बताया कि उसका पापा केस दर्ज होने के अगले दिन उसके पास एक रात के लिए रुके थे। उसके बाद वे वहां से चले गए। तब से उसका कोई संपर्क अपने पापा से नहीं हुआ है। इस संबंध उसे कुछ मालूम नहीं है। अब उनका नंबर भी बंद आ रहा है। आईजी स्टॉफ की टीम अंकित से पूछताछ करके बैरंग लौट आई है। यहां बता दें कि आईजी स्टॉफ के पास 31 मई तक महेश बंसल के नाम गिरफ्तारी वारंट है। अगर तब तक गिरफ्तारी नहीं होती है तो पुलिस को दोबारा गिरफ्तारी वारंट जारी करवाना होगा। दूसरी तरफ आरोपी महेश बंसल अपनी अग्रिम जमानत लेने के प्रयास में है।

आबकारी एंव कराधान विभाग में रिकॉर्ड लेने पहुंची आईजी स्टाफ टीम।

बिना रिकॉर्ड प्रभावित हो रही है जांच

नई दिल्ली से बैरंग लौटने के बाद आईजी स्टॉफ की टीम सोमवार को आबकारी एवं कराधान विभाग के कार्यालय पहुंची। यहां पर उन्होंने अधिकारियों से फर्जी फर्मों संबंधी रिकॉर्ड उपलब्ध करवाने की बात कही। मगर विभाग के अधिकारी टीम को रिकॉर्ड उपलब्ध करवाने के बजाए टरकाते हुए नजर आए। आईजी स्टॉफ की टीम का कहना है कि विभाग का रवैया सहयोग करने वाला नहीं लग रहा, वरना अब तक रिकॉर्ड मिल जाता। जिससे जांच आगे बढ़ती। अब बिना रिकॉर्ड जांच प्रभावित हो रही है। टीम को सोमवार को भी विभाग से रिकॉर्ड नहीं मिल पाया। दूसरी तरफ आईजी स्टॉफ ने प्राइवेट बैंकों से भी फर्जी फर्म के खातों का रिकॉर्ड मांग रखा है। वह भी अभी तक नहीं मिला है।

महेश बंसल के गोवा में होने के लगाए जा रहे कयास

फर्जी फर्म मामले का मुख्य आरोपी महेश बंसल सिरसा और नई दिल्ली के ठिकानों से फरार हो चूका है। सूत्रों की मानें तो अब महेश बंसल गोवा में है। पुलिस उसके ठिकाने का पता लगा रही है। जैसे ही लोकेशन का पता लगेगा। टीम उसको गिरफ्तार करने जाएगी। यहां बता दें कि फर्जी फर्म मामले में तीन एफआईआर दर्ज हुई थी। तीनों में ही महेश बंसल का नाम है। इसके अलावा अभी तक इस मामले में पांच लोग आरोपी बनाए गए थे। जिसमें से अभी तक एक ही आरोपी रविंद्र गिरफ्तार हुआ है। जबकि केस रमेश, पदम, प्रमोद बांसल, सुनील कुमार, पवन कुमार भी शामिल है। अब इसमें मोनू और अनुपम सिंगला का भी नाम शामिल कर लिया गया है।

फर्जी फर्म प्रकरण और ऐसे किसी कारोबार से मेरा लेना-देना नहीं : अनुपम सिंगला

हरियाणा प्रदेश युवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनुपम सिंगला ने फर्जी फर्म प्रकरण में अपना नाम आने के संदर्भ में स्पष्ट किया है कि इस मामले से उनका कोई लेना देना नहीं है। सिंगला ने कहा कि प्रकरण को लेकर कहा कि पुलिस प्रशासन अपने दृष्टिकोण व ढंग से जांच पड़ताल कर रही है। इस मामले की तह तक जाने के लिए प्रशासन को सभी पक्षों से जांच करने का पूरा अधिकार है और मैं व्यक्तिगत रुप से जांच में पूरा सहयोग कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि लोगों को दूध का दूध और पानी का पानी होने के लिए इंतजार करना चाहिए व पुलिस प्रशासन द्वारा की जा रही जांच पड़ताल में भरोसा करना चाहिए।

नहीं मिला अभी कोई सुराग

महेश बंसल के नई दिल्ली स्थित फ्लैट पर पुलिस गई थी। उसके बेटे से पूछताछ की गई। मगर अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस तलाश में जुटी हुई है।’’ -जंगीर सिंह, इंचार्ज, आईजी स्टाफ सिरसा

खबरें और भी हैं...