हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि यदि केंद्र सरकार ने एसवाईएल मामले में दखल देकर नहर का निर्माण नहीं कराया तो हरियाणा के खेत बंजर बन जाएंगे और किसानों को पलायन करना होगा।
वे सोमवार को सिरसा बार में अधिवक्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व सिरसा बार में पहुंचने पर बार के अध्यक्ष अजय बंसल, सचिव गणेश सेठी, उपप्रधान लक्की दुग्गल व संयुक्त सचिव वंदना मोंगा ने उनका अभिनंदन किया। इस दौरान अभय सिंह चौटाला ने वकीलों से कहा कि वे सिरसा की बार को अपना पारिवारिक मानते हैं और वे एसवाईएल के मुद्दे पर उनका आशीर्वाद लेने आए हैं। उन्होंने इस अवसर पर वकीलों को बताया कि पंजाब से हरियाणा के अलग होने के बाद एसवाईएल के लिए जमीन अधिग्रहण करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी देवीलाल ने पंजाब सरकार को एक करोड़ रुपए दिए थे और निर्माण करने के लिए 2 करोड़ की राशि दी थी मगर बाद की सरकारों ने कोई प्रयास नहीं किया।
विधायक चौटाला ने जरूरतमंदों को वितरित किए सहायता राशि के चेक
सिरसा | ऐलनाबाद के विधायक एवं नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि इनेलो राजनीति करने के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी रूचि रखती है व जरूरतमंद लोगों की सहायता करना भी अपना नैतिक कर्तव्य समझती है। वे सोमवार को डबवाली रोड़ स्थित अपने आवास पर हलका ऐलनाबाद के 13 जरूरतमंद लोगों को अपने विधायक कोटे से लगभग 2 लाख रुपये के चैक बांट कर उनकी आर्थिक मदद की। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा के 70 प्रतिशत विधायक अपने विधायक कोटे का पैसा जरूरतमंद लोगों को देने की बजाए अपनी जेब में डालते हैं। चौटाला ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री स्वयं को ईमानदार समझते हैं तो वे अपने विधायकों व मंत्रियों की जांच करवाएं तो बहुत बड़ा घोटाला उजागर हो सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता मौजूदा भाजपा शासन से पूरी तरह से परेशान है। सत्ता से पहले भाजपा नेताओं ने प्रदेश की जनता से अनेक वादे किए थे जिनमें से कोई भी अभी पूरे नहीं किए गए।