नगर परिषद के हड़ताली सफाई कर्मचारियों का आंदोलन अब उग्र होने लगा है। नौबत गाली गलौच, हाथापाई से मारपीट तक भी जा पहुंची है। इससे नगर परिषद प्रशासन की ओर से चलाए जाने वाला सफाई अभियान एक बारगी ठुस्स हो गया है।
शनिवार को गुस्साए हड़ताली कर्मचारियों ने अपने ही इमिडिएट बॉस यानि नगर परिषद के मुख्य सफाई निरीक्षक देवेंद्र बिश्नोई को भी नहीं बख्शा। उनके साथ भी कुछ हड़ताली सफाई कर्मचारियों ने मारपीट की। जबकि हड़ताल से पहले यही सफाई कर्मचारी सीएसआई को रोजाना सलाम भी करते रहे हैं। मारपीट के दौरान मौके पर तैनात पुलिस कर्मचारी भी सीएसआई का बचाव नहीं कर सके तो सीएसआई ने भाग कर अपनी जान बचाई और बाद में एएसपी विजय कक्कड़ को शिकायत भी दी। बाद में सात कर्मचारियों के खिलाफ सरकारी कामकाज में बाधा डालने के आरोप में केस दर्ज हुआ। नगर परिषद के सभी 263 सफाई कर्मचारी बीती 9 मई से अपनी 18 सूत्रीय मांगों को लेकर बेमियादी काम छोड़ हड़ताल किए हुए हैं। इस वजह से शहर के सभी 31 वार्डों में गंदगी का आलम बना हुआ है। हालांकि डोर-टू-डोर कचरा कलेक्ट कर कचरा उठान करने वाली निजी कंपनी मैसर्स डिंगमैन पॉवर कंपनी के कारिंदे कचरा कलेक्शन प्वाइंटों से कचरे का उठान नियमित रूप से कर रहे हैं। लेकिन हड़ताली कर्मचारी उनको भी ऐसा न करने को कहने लगे हैं। शहर के बाजारों और गलियों में बिखरी गंदगी की नियमित सफाई न होने से अभी भी करीब 400 टन कचरा बिखरा हुआ है जो संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों का मुंह चिढ़ाता रहता है। आलोचना से बचने के लिए नगर परिषद प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया। सफाई अभियान चलाने के लिए नगर परिषद के मुख्य सफाई निरीक्षक देवेंद्र बिश्नोई ने एक दिन पहले सिटी थाने में पत्र भेज कर पुलिस मदद दिए जाने की मांग भी की। शनिवार को जब अभियान शुरू किया गया तो उस वक्त पुलिस बल पहुंच भी गया। लेकिन कुछ देर बाद ही वहां पर कुछ हड़ताली सफाई कर्मचारी आए और सफाई अभियान को बंद कराने लगे। सीएसआई ने उनको ऐसा न करने को कहा तो वे बहस करने लगे। माहौल गरमा गया। इस बीच कुछ गुस्साए हड़ताली कर्मचारियों ने सीएसआई से हाथापाई करते हुए मारपीट शुरू कर दी। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारी तमाशबीन बने रहे तो सीएसआई ने वहां से भाग कर अपनी जान बचाई।
हड़ताली सफाई कर्मचारियों के एक जत्थे ने सफाई करा रहे सीएसआई देवेंद्र बिश्नोई से की मारपीट, पुलिस ने सात कर्मचारियों पर किया केस दर्ज
सीएसआई देवेंद्र बिश्नोई पर हमला करने वाले कर्मचारियों को रोकते पुलिसकर्मी।
बहस करने वाली सफाई कर्मी को पड़ककर ले जाती पुलिसकर्मी।
सीएसअाई बोले, पुलिस कर्मियों ने नहीं किया बचाव
सीएसआई देवेंद्र बिश्नोई ने कहा कि ‘मौके पर पुलिस कर्मचारियों ने मेरा किसी भी तरह से बचाव करने की जहमत तक भी नहीं की। पुलिस के ढुलमुल रवैये का नाजायज फायदा उठाते हुए हड़ताली कर्मचारियों ने मुझसे मारपीट की। यह तो गनीमत रहा कि मैं वहां से खिसक कर अपनी जान बचाई अन्यथा कर्मचारी मुझे अधमरा भी कर देते। मैंने एएसपी को शिकायत देकर अपील की है कि मुझसे मारपीट करते हुए सरकारी कामकाज में बाधा डालने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।’
सफाई कर्मचारियों का बेमियादी धरना रहा जारी
उधर, हड़ताली सफाई कर्मचारियों को बेमियादी धरना शनिवार को भी जारी रहा। उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा उठान करने वाले कर्मचारियों को भी अपने साथ समर्थन देने के लिए राजी किया। नगरपालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान चंद्रशेखर ने कहा कि जब तक सरकार कर्मचारियों की मांगों को पूरा नहीं करेगी तब तक हड़ताल जारी रखी जाएगी।
सिरसा। बस स्टैंड के पास कचरा हटवाने को लेकर मुख्यसफाई निरीक्षक देवेंद्र बिश्नोई से बहस करती महिला कर्मचारी।