हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (हुडा) सेक्टरवासियों ने इनहांसमेंट के खिलाफ आंदोलन एक बार फिर तेज कर दिया है। हुडा निवासियों ने ऐलान किया है कि बेशक सरकार उनकी किडनी नीलाम कर दे लेकिन वे किसी भी स्थिति में इनहांसमेंट किश्त भरने में अब समर्थ नहीं है। अब आगामी 27 मई को पानीपत में होने वाले अनशन में भाग लेने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
हुडा रेजिडेंशियल वेल्फेयर एसोसिएशन के महासचिव राजपाल सिंह ने कहा कि सरकार ने उनके साथ धोखा किया है। साथ ही अब सरकार लगातार हुडा सेक्टरवासियों पर अनावश्यक बोझ डाल रही है। बार-बार इनहांसमेंट मांगी जा रही है। इस कारण सेक्टरवासी परेशान हो गए हैं। उन्होंने कहा कि यहां मकान बनाने वालाें ने जिंदगी भर की जमापूंजी पहले ही लगा दी है। अब बार-बार इनहांसमेंट मांगी जा रही है। राजपाल सिंह ने कहा कि लेकिन सेक्टरवासियों ने अब फैसला कर लिया है कि बेशक, सरकार उनकी किडनी भी नीलाम कर दे लेकिन वे इनहांसमेंट की किश्त नहीं भरेंगे।
शाम को हुई हुडा काॅलोनी में मीटिंग, अनशन की तैयारी
हुडा कॉलोनी में शाम को मीटिंग का आयोजन किया गया। इस मीटिंग में एडवोकेट यशवीर मलिक शामिल हुए। इस दौरान सुरेश मेहता, रमेश मेहता, डीसी रंगा, कृष्ण झाेरड़, संजय गोयल सहित अन्य सेक्टरवासियों ने आगामी संघर्ष को लेकर रूपरेखा बनाई। अब आगामी 27 मई से पानीपत में अनशन शुरू किया जाएगा जिसमें सिरसा से भी सेक्टरवासी भाग लेंगे।