पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • कालुआना का आरोही स्कूल अव्वल, अहमदपुर दारेवाला गाेदिकां का सांझा स्कूल रहा फिसड्‌डी

कालुआना का आरोही स्कूल अव्वल, अहमदपुर दारेवाला-गाेदिकां का सांझा स्कूल रहा फिसड्‌डी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
खंड के 15 राजकीय सीनियर सेकंडरी स्कूलों में 12वीं कक्षा का परिणाम स्टाफ के अभाव में काफी खराब रहा है। सबसे ज्यादा इंग्लिश में बच्चे फेल साबित हुए हैं जबकि साइंस व इतिहास का परिणाम बेहतरीन साबित हुआ है। खंड में दो गांवों के सांझे सीनियर सेकंडरी स्कूल का परिणाम सबसे कमजोर निकला है जबकि खंड के एकमात्र इंग्लिश मीडियम आरोही मॉडल स्कूल का परिणाम सबसे बेहतरीन रहा है।

खंड में कुल 16 सीनियर सेकंडरी स्कूल हैं जिनमें गांव डबवाली के पिछले साल ही हाई स्कूल से अपग्रेड कर सीनियर सेकंडरी बनाए गए स्कूल में इस बार 12वीं के बच्चे नहीं थे जबकि बाकी 15 स्कूलों में भी उन स्कूलों का परिणाम अच्छा रहा है जहां स्कूल भवन व संसाधन अच्छे हैं। पहले नंबर पर रहे गांव कालुआना का आरोही स्कूल खंड में सबसे अच्छी बिल्डिंग व संसाधन वाला स्कूल है इसी प्रकार शहर का कन्या सीनियर सेकंडरी स्कूल का भवन भी तीन मंजिला व अच्छे संसाधन और स्टाफ उपलब्ध है। वहीं सबसे कमजोर साबित हुए गांव अहमदपुर दारेवाला, लोहगढ़, अबूबशहर, गाेरीवाला व शहर के स्कूल में भवन व संसाधनाें की कमी समस्या है।

गांव लाेहगढ़ के प्रिंसिपल लक्ष्मणदास व अबूबशहर के प्रिंसीपल हंसराज बिश्नोई ने बताया कि बच्चे और स्टाफ मेहनत करते हैं लेकिन पूरे कक्षा कक्षा और इंग्लिश सहित मुख्य सब्जेक्ट के लेक्चरर नहीं होने से बच्चों की पकड़ नहीं बन पाती है। चौटाला के प्रिंसिपल राजेंद्र जाखड़ ने बताया कि बच्चों को स्टाफ की कमी के अलावा गांव से 25 किलोमीटर दूर कालुआना में परीक्षा केंद्र दिया गया है। जहां कोई आने जाने को बस व वाहन सुविधा भी नहीं है। ऐसे में परीक्षा के दिन बच्चे को प्रश्न पत्र से ज्यादा चिंता परीक्षा केंद्र तक पहुंचने की रहती है। इसके चलते ही हमारे ज्यादातर बच्चे कमजोर अंक कर पाए हैं। इसको लेकर हमारी ओर से बोर्ड को भी अवगत कराया गया था। इस बार भी अभिभावकों ने नाराजगी जताई है।

जिले में 6484 विद्यार्थी हुए 12वीं में पास

उल्लेखनीय है कि सिरसा जिले में कुल 9 हजार 521 बच्चों ने 12वीं की परीक्षा दी थी। जिसमें 6484 यानी 68.10 प्रतिशत बच्चों ने परीक्षा पास की है। इसमें 5002 छात्राें में से 3072 छात्र जबकि 4519 छात्राओं में से 3412 छात्राओं ने परीक्षा पास की है। परीक्षा में छात्र 61.42 प्रतिशत ही पास हुए हैं जबकि छात्राओं ने करीब 15 प्रतिशत अधिक 75.50 प्रतिशत परिणाम रहा है।

ये रहा परीक्षा परिणाम

कालुआना का आरोही मॉडल स्कूल : 84.4 प्रतिशत

राजकीय कन्या सीनियर सेकंडरी स्कूल : 80 प्रतिशत

मांगेआना स्कूल : 79.12 प्रतिशत

कालुअाना राजकीय सीनियर सेकंडरी स्कूल : 74.2 प्रतिशत

चौटाला राजकीय कन्या स्कूल : 72.34 प्रतिशत

देसुजोधा व बिज्जूवाली राजकीय सीनियर सेकंडरी स्कूल : 70 प्रतिशत

गंगा राजकीय सीनियर सेकंडरी स्कूल : 67 प्रतिशत

गाेरीवाला राजकीय सीनियर सेकंडरी स्कूल : 62.16 प्रतिशत

रिसालियाखेड़ा राजकीय सीनियर सेकंडरी स्कूल : 59.50 प्रतिशत

लोहगढ़ राजकीय सीनियर सेकंडरी स्कूल : 54.22 प्रतिशत

डबवाली राजकीय स्कूल : 53 प्रतिशत अबूबशहर राजकीय सीनियर सेकंडरी स्कूल : 51.22 प्रतिशत

चाैटाला राजकीय सीसे स्कूल : 47 प्रतिशत

अहमदपुर दारेवाला व गाेदिकां राजकीय सीनियर सेकंडरी स्कूल : 39.47 प्रतिशत

गंगा स्कूल में एक भी लेक्चरर नहीं फिर भी सुधारा परिणाम

पिछली बार गांव गंगा के राजकीय स्कूल का परिणाम सबसे कम मात्र 12.5 प्रतिशत ही रहा था। प्रिंसिपल सुलतान सरेलिया गोरीवाला ने बताया कि इस बार स्कूल में एकमात्र भी लेक्चरर नहीं होने पर मिडल व हाई स्कूल के अध्यापकों ने सीनियर कक्षाएं पढ़ाते हुए परिणाम में सुधार किया है। सबसे निचले स्तर से बढ़कर 67 प्रतिशत तक पहुंचाया है।

खंड के स्कूलों का परिणाम पिछले साल से सुधार होने में बच्चों की लगन के साथ संसाधनों की कमी के बावजूद स्टाफ की मेहनत रंग लाई है। हालांकि अभी भी अच्छा परिणाम नहीं कहा जा सकता है लेकिन वर्तमान परिणाम और बदलाव की भूमिका पर सांझा बैठक व विजिट करते हुए और सुधार किया जाएगा।\\\'\\\' बलजिंद्र सिंह भंगू, बीईओ, डबवाली

खबरें और भी हैं...