कर्नाटक में मुख्यमंत्री येदियुरप्पा के त्यागपत्र के बाद खुशी मनाते कांग्रेस नेता होशियारी लाल शर्मा व अन्य।
कर्नाटक में लोकतंत्र की जीत हुई : होशियारी लाल शर्मा
भास्कर न्यूज| सिरसा
कर्नाटक के मुख्यमंत्री येदियुरप्पा का विधानसभा सदन का सामना करने से पूर्व ही इस्तीफा दिए जाने से सिरसा में कांग्रेसियों ने कांग्रेस भवन में एकत्र होकर खुशी का इजहार किया। पटाखे फोड़ते हुए और ढोलक की थाप पर नाचते गाते हुए कांग्रेसियों ने खुशी व्यक्त की। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता होशियारी लाल शर्मा ने कहा कि कर्नाटक में लोकतंत्र की जीत हुई है। कांग्रेस ने इस मामले को सुप्रीम कोर्ट में ले जाकर न्याय की गुहार लगाई तो सुप्रीम कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए सारे प्रकरण पर रोक लगाकर मुख्यमंत्री को 19 मई को विधानसभा में अपना बहुमत सिद्ध करने के लिए निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने बहुमत सिद्ध न होते देख पहले ही इस्तीफा दे दिया। अब कर्नाटक के राज्यपाल को कांग्रेस व जेडीएस गठबंधन को सरकार बनाने के आमंत्रित करना चाहिए ताकि कर्नाटक में वहां की जनता की आशा के अनुरूप लोकतांत्रिक परंपराओं का निर्वहन करने वाली सरकार स्थापित हो और कर्नाटक में विकास को गति मिले। उधर, कांग्रेस नेता नवीन केडिया ने भी खुशी का इजहार किया।