सिरसा | वरिष्ठ किसान नेता स्वर्ण सिंह विर्क ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार संघ परिवार के गुप्त एजेंडे को लागू करने का काम कर रही है। साथ ही धर्म निरपेक्षता, संसदीय जनतंत्र व समाजवादी मूल्यों को कमजोर भी कर रही है। वह जन एकता जन अधिकार आंदोलन के तहत आयोजित कन्वेंशन को संबोधित कर रहे थे।
शहीद करतार सिंह सराभा हाल में आयोजित सभा की अध्यक्षता राजरानी, लेखा रानी, पाला सिंह चीमा, गुरटेक सिंह एवं विक्रमजीत सिंह ने की। स्वर्ण सिंह विर्क ने कहा कि आगामी समय में मोदी सरकार को चलता करना राष्ट्र एवं जनहित में है। किसान नेता सुरजीत सिंह ने दावा किया कि मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद किसानों की आत्महत्या में अधिक बढ़ोतरी हुई है और सरकार की कृषि विरोधी नीतियों के चलते देश का कृषि व्यवसाय चौपट होने की कगार पर है। का. लछमण सिंह शेखावत व मजदूर नेता विजय ढूकड़ा ने कहा कि यह सरकार श्रम कानूनों में बदलाव करके तथा रोजगार विहीन विकास को बढ़ावा देकर कॉर्पोरेट सेक्टर के मुनाफे को बढ़ावा दे रही है।