युवा पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को विकसित करने और देशभक्तों के बलिदानों से शिक्षा लेने के उद्देश्य से शहीद भगत सिंह ब्रिगेड की मुहिम ने तेजी पकड़ ली है। अब ब्रिगेड की ओर से 11 घंटों में ही 16 विभिन्न देशभक्तों की प्रतिमाएं जिले के 13 भिन्न भिन्न गांवों में स्थापित की जाएगी। यह कार्यक्रम आगामी 23 मई को आयोजित किया जाएगा।
इस संबंध में रविवार को ब्रिगेड की सिरसा इकाई के पदाधिकारियों की बैठक आर्य समाज मंदिर में हुई जिसकी अध्यक्षता ब्रिगेड के जिला प्रभारी मास्टर सूबेसिंह चाहरवाला ने की। बैठक के दौरान मास्टर सूबे सिंह ने बताया कि इससे पूर्व भी ब्रिगेड ने दो चरणों में पांच गांवों में शहीदों की प्रतिमाएं स्थापित कर युवाओं को एक दिशा देने का काम किया था। अब तीसरे चरण में एक साथ 13 विभिन्न गांवों में 16 देशभक्तों की प्रतिमाएं वहां के राजकीय विद्यालयों में स्थापित की जाएंगी जिनका अनावरण शहीद भगत सिंह ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष व शहीद भगत सिंह के पौत्र यादविंदर सिंह संधु करेंगे। उन्होंने बताया कि जिन गांवों के राजकीय विद्यालयों में शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद, शहीद उधम सिंह आदि की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी उनमें पंजुआना, रंधावा, रूपावास, बरासरी, कागदाना, माखोसरानी, साहुवाला द्वितीय, फूलकां शामिल हैं।