शहर के चौटाला रोड पर निरंकारी भवन के पीछे रहने वाले टेलर हरबंस सिंह दर्जी के बेटे जसविंद्र सिंह उर्फ निक्का ने कॉमर्स में प्रदेश में सेकंड टॉपर बनकर शिक्षा के क्षेत्र में उपमंडल को नई उपलब्धि दी है।
शहर के नव प्रगति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कॉमर्स छात्र जसविंद्र सिंह उर्फ निक्का का बड़ा भाई राजप्रीत सिंह भी कॉमर्स संकाय में पढ़ा है और फिलहाल शहर के राजकीय कॉलेज में बीकॉम फाइनल इयर में है। दरअसल जसप्रीत सिंह की पढ़ाई में लग्न व पकड़ को देखते हुए बड़े भाई ने उसे साइंस में पढ़ने का लक्ष्य बनाने की अपील की थी लेकिन साइंस के महंगी पढ़ाई अौर कोचिंग के खर्चे वहन करने की परिवार की क्षमता नहीं होने से उसने कॉमर्स में ही पढ़ाई करने का लक्ष्य बनाया और उसे सफलतापूर्वक प्राप्त कर लिया है। जसविंद्र का लक्ष्य अब सीए बनना है जिसकी वह तैयारी कर रहा है। भास्कर से बातचीत में जसविंदर ने बताया कि उनका कोई बिजनेस और जमीन जायदाद नहीं है। पढ़ाई से ही कामयाबी का लक्ष्य तय किया और वह दसवीं में 95 प्रतिशत अंक लेकर पास हुआ। जरूरतमंद परिवार से होने के चलते कुछ दिन सरकारी स्कूल में पढ़ाई की लेकिन माहौल ठीक नहीं मिलने से शहर के नवप्रगति स्कूल में एडमिशन लिया।
स्कूल संचालक वेदप्रकाश भारती ने उसे कॉमर्स संकाय में पढ़ाई के अच्छे अंक पाने के लिए छठे अतिरिक्त विषय के तौर पर पंजाबी रखने का मार्गदर्शन किया। जो उसके टॉपर बनने में अहम साबित हुई है। जसविंद्र ने बताया कि उसने पढ़ाई और पढ़ाई पर फोक्स किया तथा स्कूल की पढ़ाई के साथ साथ मोहल्ले में एक अध्यापक के घर पर एक्सट्रा क्लासिज लगाई। जसविंद्र ने बताया कि वह इस दौरान एंड्रायड मोबाइल से दूर रहा। उसका न वाट्सएप है और न ही फेसबुक अकाउंट है। उसने जिला टॉपर बनने के लक्ष्य से पढ़ाई करके पेपर दिए थे और अपने लक्ष्य सीए बनने के लिए सीए फाउंडेशन की तैयारी कर रहा है।
डबवाली। जसविंद्र को मिठाई खिलाते पिता हरबंस, माता, नानी व सुमित भारती।
टेलर दंपती के बेटे ने 12वीं में कॉमर्स संकाय में प्राप्त किए 483 अंक, स्कूल की ओर से लैपटॉप देकर किया जाएगा सम्मानित
दिन भर संशय, रात को साढ़े आठ बजे जारी किया रिजल्ट
सिरसा। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से 12वीं का परीक्षा परिणाम रात 8 बजे के बाद जारी कर दिया गया। परीक्षा परिणाम को लेकर दिन भर संशय की स्थिति रही। कभी संदेश आया कि रात्रि 12 बजे के बाद परिणाम आएगा जबकि कई बार सूचना आई की शाम 5 बजे ही घोषित कर दिया गया। इस कारण अभिभावक और परीक्षार्थी परेशान रहे। रात्रि करीब साढ़े 8 बजे शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा परिणाम वेबसाइट पर जारी कर दिया। शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. जगबीर सिंह ने कहा कि शिक्षा बोर्ड की ओर से परीक्षा परिणाम जारी कर दिया गया है। अब विद्यार्थी परिणाम देख सकते हैं। हालांकि यह परिणाम रात्रि 12 बजे वेबसाइट पर डालना था लेकिन हमने पहले ही काम पूरा कर लिया और प्रदेशवासियों को परिणाम पहले ही उपलब्ध करवा दिया।जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. यज्ञदत्त वर्मा ने कहा कि अभी तक पूरी तरह क्लियर नहीं हुआ है कि टॉपर कौन है। क्योंकि रात्रि 8 बजे ही वेबसाइट पर परिणाम जारी हुआ है। शिक्षा बोर्ड की ओर से गजट आने पर ही बता पाएंगे कि टॉप-10 में कौन-कौन है।