सफाई कर्मचारियों की काम छोड़ हड़ताल की वजह से गंदगी से अटे शहर में सफाई अभियान चलाने के लिए आखिरकार नगर परिषद प्रशासन को पुलिस मदद की जरूरत हो गई है। हड़ताली कर्मचारियों के उग्र तेवर को ध्यान में रखते हुए नप प्रशासन ने सिटी थाना में पत्र भेज कर पुलिस हेल्प देने की मांग की है ताकि पुलिस संरक्षण में नगर परिषद की सफाई ब्रांच के अधिकारी शहर में शनिवार को सफाई अभियान की शुरुआत कर सकें।
नगर परिषद के मुख्य सफाई निरीक्षक देवेंद्र बिश्नोई ने बताया कि सिटी थाना में पत्र भेज दिया गया है। पत्र के जरिए कहा गया है कि शनिवार को नगर परिषद प्रशासन शहर में सफाई अभियान चलाएगा लेकिन उस अभियान को सुरक्षित तरीके से चलाने के लिए पुलिस संरक्षण की जरूरत है। एहतियात के तौर पर पुलिस टीम नगर परिषद कार्यालय में भेजी जाए ताकि सफाई अभियान की शुरुआत कर शहर को गंदगी से बचाया जा सके। सीएसआई बिश्नोई ने बताया कि नप प्रशासन को आशंका है कि सफाई अभियान के दौरान कुछ हड़ताली सफाई कर्मचारी अड़चन डाल कर बवाल कर सकते हैं। इसलिए पुलिस मदद की डिमांड की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस मदद मिलने के बाद ही शहर में सफाई अभियान चलाया जाएगा।
सिटी थाना में सीएसआई ने पत्र भेजकर सफाई के दौरान सुरक्षा मांगी